भीलवाड़ा पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: अवैध गांजे की बरामदगी के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
मांडलगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी: 109 किलो गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
भीलवाड़ा पुलिस ने पिछले साल बदायूं के झोपड़ा में पकड़े गए 109 किलो अवैध गांजे के मुख्य आरोपी शिवलाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने ससुर को लालच देकर नशे की खेप छिपाई थी। पुलिस पहले ही उसकी पत्नी और ससुर को जेल भेज चुकी है। इस गिरफ्तारी से मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर कड़ी चोट लगी है।
भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के मांडलगढ़ थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में फरार मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी घनश्याम सिंह मीणा ने शनिवार को बताया कि बदायूं का झोपड़ा क्षेत्र में पिछले वर्ष मार्च में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक मकान में दबिश देकर 109 किलो अवैध गांजा बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने चंपालाल ओड को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में चंपालाल ने बताया था कि गांजा उसके दामाद शिवलाल उर्फ सेवालाल ओड और बेटी लीला का है। शिवलाल ने अपने ससुर को रुपयों का लालच देकर अवैध गांजे को उसके घर पर सुरक्षित रखवाया था। पुलिस ने इस मामले में इसी वर्ष 22 फरवरी को शिवलाल की पत्नी लीला को भी गिरफ्तार कर लिया था। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी शिवलाल पुलिस की पकड़ से दूर भाग रहा था। जिसे पुलिस ने दबोंच लिया।

Comment List