असर खबर का - अम्बेडकर सर्किल पर तोड़ी जालियां, तुरंत मरम्मत
सर्किल की सुंदरता पुन: बहाल की गई
खबर प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद ने नई जालियां लगवाई
नमाना। शहर के प्रमुख आकर्षण और सामाजिक आस्था के केंद्र अम्बेडकर सर्किल पर असामाजिक तत्वों द्वारा सीमेंट की जालियां तोड़ने का मामला सामने आने के बाद नगर परिषद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टूटी हुई जालियों के स्थान पर नई जालियां लगवा दी हैं। इस मामले को ह्लदैनिक नवज्योतिह्व द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और अम्बेडकर सर्किल की सुंदरता को पुन: बहाल किया गया।
अम्बेडकर सर्किल शहर की पहचान और सामाजिक समरसता का प्रतीक माना जाता है। जालियां तोड़े जाने से इसकी भव्यता और सौंदर्य को नुकसान पहुंचा था, जिससे आमजन और सामाजिक संगठनों में आक्रोश व्याप्त था। लोगों का कहना था कि इस तरह की हरकतें न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि सामाजिक भावनाओं को भी आहत करती हैं।
घटना को लेकर भीम आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमनारायण मेहरा ने सिटी कोतवाली थाने में असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
नगर परिषद की त्वरित कार्रवाई से नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया है। साथ ही लोगों ने मांग की है कि अम्बेडकर सर्किल सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों की नियमित निगरानी की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि शहर की गरिमा और सुंदरता बनी रहे।

Comment List