असर खबर का : हरिपुरा विद्यालय में जलभराव समाधान पर आपात बैठक
पुराने निकास को पुनः चालू करने पर विचार
नमाना रोड। हरिपुरा राजकीय विद्यालय में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) की आपात बैठक आयोजित की गई। दैनिक नवज्योति में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन एवं विद्यालय प्रबंधन सक्रिय हुआ और मानसून से पहले समस्या के स्थाई समाधान को लेकर चर्चा की गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि मानसून की शुरुआत से पहले इस समस्या का जानकारी उच्च अधिकारियों को लिखित रूप से भेजी जाएगी, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि वर्षा ऋतु से पूर्व ही जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था करना अत्यंत आवश्यक है, अन्यथा विद्यालय परिसर में पुनः जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
बैठक में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए दो प्रमुख विकल्पों पर विचार किया गया। पहला विकल्प यह रखा गया कि दक्षिण दिशा में बूंदी-खटकड़ रोड एवं विद्यालय बाउंड्री के पास बने सीमेंटेड नाले को लगभग तीन फीट नीचे किया जाए, क्योंकि वर्तमान में यह नाला जमीन से लगभग दो फीट ऊंचा होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है। यह नाला राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (आरएसआरडीसी) द्वारा निर्मित बताया गया है।दूसरा विकल्प पूर्व दिशा में पूर्व में मौजूद जल निकासी मार्ग को पुनः बहाल करने का रखा गया, जो मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया था। इसे हटाकर पुराने निकास को पुनः चालू करने पर विचार किया गया।
बैठक में पीईओ बंशीलाल मीणा, प्रधानाचार्य घनश्याम नकलक, सरपंच प्रतिनिधि लेखराज मीणा, ठेकेदार प्रेमराज मीणा, अध्यापक के ओमप्रकाश नागर, एसएमसी से अध्यक्ष गणेश मीणा, राजकुमार मेघवाल, सोनू गुर्जर सहित अन्य सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Comment List