देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस का छापा : 15 पुरुष और 7 महिलाएं गिरफ्तार, बोगस ग्राहक बनकर पहुंची
मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही
बूंदी। जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने देवपुरा तहसील रोड स्थित एक मकान पर दबिश देकर कथित देह व्यापार के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य सरगना सहित कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 15 पुरुष और बाहरी क्षेत्रों से आई सात महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने मौके से डिजिटल भुगतान में प्रयुक्त तीन मशीनें, मोबाइल फोन तथा विभिन्न वाहन भी जब्त किए हैं। एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद योजना बनाकर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने पहले सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों और महिला कांस्टेबलों को बोगस ग्राहक बनाकर मकान में भेजा। सूचना की पुष्टि होने के बाद सदर थाना प्रभारी भंवर सिंह तथा दबलाना थाना प्रभारी प्रिया शर्मा (व्यास) के नेतृत्व में पुलिस दल ने मौके पर दबिश दी और परिसर से आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने ग्राहकों से डिजिटल भुगतान लेने में प्रयुक्त तीन फोनपे/पेटीएम भुगतान मशीनें, नकदी, आरोपियों के मोबाइल फोन, कारें, मोटरसाइकिलें तथा एक लोडिंग टेम्पो जब्त किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कथित रूप से अवैध गतिविधियों का संचालन डिजिटल लेन-देन के माध्यम से किया जा रहा था।पुलिस के अनुसार जब्त मोबाइल फोन, डिजिटल भुगतान मशीनों और संबंधित बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है।
अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी होगी जांच
सभी आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (पीटा एक्ट) एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Comment List