बांसी में एक पखवाड़े से सफाई व्यवस्था ठप : बिगड़े हालात, नालियां जाम, सड़कों पर फैल रही गंदगी
राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी
बूंदी-देई मार्ग सहित मुख्य सड़कों पर कीचड़ और गंदा पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित।
भण्डेड़ा। भण्डेड़ा क्षेत्र के बांसी कस्बे में पिछले पखवाड़े से सफाई व्यवस्था बाधित होने के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नालियों के अवरुद्ध होने और कचरा संग्रहण बंद रहने से सड़कों पर गंदगी फैल गई है। जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भण्डेड़ा क्षेत्र के बांसी कस्बे में करीब पंद्रह दिनों से घर-घर कचरा संग्रहण की गाड़ी बंद पड़ी है। जिससे कस्बे में कचरे के ढेर लग गए हैं। पूर्व में नियमित कचरा संग्रहण से पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संतोषजनक बनी हुई थी। लेकिन वर्तमान में स्थिति बिगड़ गई है। कचरा गाड़ी बंद होने के कारण बाजारों और मोहल्लों का कचरा नालियों में जमा हो रहा है, जिससे नालियां अवरुद्ध हो गई हैं। नालियों के जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रमुख चौराहों और तिराहों पर हालात और गंभीर
कस्बे के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर स्थिति और अधिक गंभीर है। बूंदी-देई मार्ग सहित मुख्य सड़कों पर कीचड़ और गंदा पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। तेज गति से गुजरते वाहनों के कारण गंदे पानी के छींटे आसपास के मकानों तक पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों का घरों के बाहर बैठना तक मुश्किल हो गया है। सड़कों पर फैले कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल भी हो रहे हैं। बैंक चौराहे पर लगातार पानी भरे रहने से सड़क पर गड्ढा बन गया है, जिससे दिनभर आवागमन में बाधा बनी रहती है।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
इस समस्या से नाराज एक दर्जन से अधिक ग्रामीण महिलाएं कीचड़ से भरी सड़क के पास एकत्रित होकर संबंधित विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने बताया कि कचरा गाड़ी बंद होने से लोग कस्बे से बाहर कचरा डालने को मजबूर हैं। जहां पशु उसे खा रहे हैं। वहीं कचरे के ढेर में आग लगाने से उठता धुआं आसपास के लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन गया है। ग्रामीण कन्हैयालाल रेगर, दुगार्लाल रैगर, प्रकाश, रामगणेश, राजेंद्र, तेजमल, गुलाबचंद, गिरिराज सहित फूतरी बाई, कैलाश बाई, जानकी बाई, अनिता और मोहनी बाई ने भी आक्रोश जताया।
बांसी की समस्या को लेकर संवेदक को पाबंद किया जाएगा। जहां पर दुरस्ती करण का कार्य होना है, वहां पर जल्द ही दुरस्ती करण करवा दिया जाएगा।
-बाबूलाल कारपेंटर, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत बांसी

Comment List