पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत
कीनिया मतदान केंद्र पर काफी देर तक नहीं जागे बबलू गुर्जर
हिण्डोली। पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण के मतदान के दौरान हिण्डोली पंचायत समिति क्षेत्र की कीनिया ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित मतदान केंद्र पर चुनाव ड्यूटी के लिए मतदान दल के साथ पहुंचे एक शिक्षक की शनिवार सुबह हृदयाघात से मौत हो गई। घटना के बाद मतदान प्रक्रिया में जुटे कर्मचारियों और प्रशासनिक अधिकारियों में शोक की लहर छा गई।
जानकारी के अनुसार पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान मतदान दल के साथ रुके एक शिक्षक बबलू गुर्जर पोलिंग पार्टी के साथ मतदान केंद्र पर चुनाव ड्यूटी के लिए पहुंचे थे। शनिवार सुबह जब वे काफी देर तक नहीं उठे तो उनके साथ मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी सामने आई। साथी कर्मचारियों ने बिना देरी किए एंबुलेंस की सहायता से उन्हें बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस उपाधीक्षक लोकेंद्र पालीवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वे बूंदी जिला अस्पताल पहुंचे। इससे पहले शिक्षक बबलू गुर्जर को एंबुलेंस से अस्पताल लाया जा चुका था। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी स्थिति देखते हुए सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस उपाधीक्षक लोकेंद्र पालीवाल के अनुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे।

Comment List