सांवलिया सेठ के भंडार पर बरसी श्रद्धा : निकले 40.81 करोड़, 110 किलो से अधिक चांदी और डेढ़ किलो से ज्यादा सोने का आया चढ़ावा
सोना-चांदी की भी खूब बरसी कृपा
मंडफिया। मेवाड़ के आराध्य भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था एक बार फिर करोड़ों की भेंट के रूप में सामने आई है। मंदिर के एक माह के भंडार एवं भेंटकक्ष से कुल 40 करोड़ 81 लाख 40 हजार 278 रुपए की आमद दर्ज की गई है। इसके अलावा एक किलो 738 ग्राम 800 मिलीग्राम सोना तथा 110 किलो 648 ग्राम चांदी भी श्रद्धालुओं ने भेंट स्वरूप अर्पित की।मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव की मौजूदगी में मंगलवार को भंडार गिनती का सातवां और अंतिम चरण सम्पन्न हुआ। अंतिम चरण में 8 लाख 41 हजार 189 रुपए की नगद राशि प्राप्त हुई। इससे पूर्व छह चरणों में 33 करोड़ 6 लाख 77 हजार 570 रुपए की गणना हो चुकी थी। सातों चरणों को मिलाकर भंडार से कुल 33 करोड़ 15 लाख 18 हजार 759 रुपए प्राप्त हुए। मंदिर कार्यालय में देशभर के श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन, मनीऑर्डर और व्यक्तिगत रूप से 7 करोड़ 66 लाख 21 हजार 519 रुपए भेंट स्वरूप जमा कराए। भंडार और भेंटकक्ष की राशि को मिलाकर कुल आमद 40.81 करोड़ रुपए से अधिक रही।
सोना-चांदी की भी खूब बरसी कृपा :
भंडार और भेंटकक्ष से प्राप्त बहुमूल्य धातुओं का भी तोल किया गया। इस दौरान कुल 1 किलो 738 ग्राम 800 मिलीग्राम सोना तथा 110 किलो 648 ग्राम चांदी प्राप्त हुई, जो श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रतीक है। गिनती एवं तोल की पूरी प्रक्रिया मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव, अतिरिक्त कलक्टर एवं मुख्य निष्पादन अधिकारी दिनेश चंद्र धाकड़, बोर्ड सदस्यों तथा बैंक अधिकारियों और मंदिर कर्मचारियों की मौजूदगी में हुई।

Comment List