धौलपुर में नकली दूध फैक्ट्री का भंडाफोड़ : पाम ऑयल और मिल्क पाउडर से तैयार हो रहा था दूध, 2 आरोपी गिरफ्तार
3 राज्यों में टैंकरों से हो रही थी सप्लाई
धौलपुर। जिले में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले नकली दूध के कारोबार का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। गुर्जर कॉलोनी में जाहिद होटल के पीछे संचालित फैक्ट्री पर कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर नकली दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में सामग्री बरामद की है। प्रारंभिक जांच के अनुसार यहां पाम ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से दूध तैयार कर टैंकरों के जरिए राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में सप्लाई किया जाता रहा था। प्रतिदिन करीब 12 हजार से 20 हजार लीटर दूध की सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। कोतवाली सीआई रामकिशन यादव ने बताया कि गुरुवार को पुलिस गश्त के दौरान वाटर बॉक्स चौराहे पर सूचना मिली कि गुर्जर कॉलोनी में जाहिद होटल के पीछे भागीरथ और उसके साथी लंबे समय से नकली दूध तैयार करने का काम कर रहे हैं। पुलिस ने मौके से रामू शर्मा निवासी सादिकपुर और टैंकर चालक राजकुमार शर्मा निवासी ओडेला को गिरफ्तार किया है। राघवेंद्र उर्फ सोनू शर्मा निवासी दोनारी को लेकर भी पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। मुख्य आरोपी बताए जा रहे भागीरथ सहित अन्य फरार लोगों की तलाश की जा रही है।
पाम ऑयल के 124 पीपे और 40 कट्टे मिल्क पाउडर बरामद :
पुलिस की तलाशी में न्यूट्रलप्लस पाम ऑयल के 124 भरे और 60 खाली पीपे मिले। इसके अलावा करीब 40 कट्टे स्किम्ड मिल्क पाउडर, दो दर्जन खाली ड्रम, लिक्विड ग्लूकोज, दो बड़ी मशीनें, गैस चूल्हे, सिलेंडर, जनरेटर सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में कई महीनों से इस कारोबार के संचालित होने की जानकारी सामने आई है।
बड़े प्लांटों से डेयरियों तक पहुंचता था दूध :
थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तैयार किए गए दूध को टैंकरों के माध्यम से राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बड़े प्लांटों में भेजा जाता था। वहां से यह दूध डेयरियों तक पहुंचता था। एक टैंकर में करीब 4 हजार लीटर दूध भरा मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के लिए सैंपल लिए और बाद में संदिग्ध दूध को जंगल में खाली करवाया। फैक्ट्री के गोदाम को सील कर दिया गया।

Comment List