160 करोड़ की साइबर ठगी गिरोह का सरगना गिरफ्तार, जॉर्जिया और कुवैत से होता था नेटवर्क संचालित
ग्रामीणों और विद्यार्थियों के नाम पर 450 से अधिक बैंक खाते खुलवाए
डूंगरपुर। पुलिस ने दुबई से संचालित 160 करोड़ रुपए की साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह भोले-भाले ग्रामीणों और विद्यार्थियों के नाम पर बैंक खाते खुलवा कर उनका उपयोग साइबर अपराधों को अंजाम देने में करता था। पुलिस अधीक्षक मनीषकुमार ने बताया कि मामले में फरार चल रहे मुख्य सरगना घनश्याम कलाल, निवासी सीमलवाड़ा को उदयपुर के बलीचा क्षेत्र से पकड़ा गया। साइबर थाना डीएसपी हंसाराम चौधरी के अनुसार आरोपी दुबई से नेपाल और भूटान के रास्ते भारत लौटा था। पुलिस को सूचना मिलने के बाद उसे दबोच लिया गया। जांच में खुलासा हुआ कि, गिरोह ने सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, पेन कार्ड, बैंक खाता और लोन दिलाने का लालच देकर ग्रामीणों और विद्यार्थियों के नाम पर 450 से अधिक बैंक खाते खुलवाए थे।
इन खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम और इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी अपने कब्जे में लेकर, गिरोह देश भर में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए इनका उपयोग करता था। इन खातों के जरिए कुल 160 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार ठगी का नेटवर्क दुबई, जॉर्जिया और कुवैत से संचालित होता था। टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए गिरोह के सदस्य आपस में संपर्क में रहते थे। ठगी की रकम बैंक खातों में आने के बाद उसे एटीएम और चैक के माध्यम से निकालकर कमीशन के आधार पर आपस में बांट लिया जाता था।

Comment List