जैसलमेर सेंट्रल कॉ-ऑपरेटिव बैंक : आयकर विभाग का सर्च अभियान, संदिग्ध खातों और बड़े लेनदेन की जांच शुरू
मुख्य शाखा में 2 लाख रुपए और उससे ऊपर के वित्तीय लेनदेन पर फोकस
जैसलमेर। आयकर विभाग जोधपुर की 5 सदस्यीय टीम ने मंगलवार सुबह दी जैसलमेर सेंट्रल कॉ-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की मुख्य शाखा में अचानक सर्च अभियान शुरू किया। सुबह 11 बजे से लगातार जारी इस कार्रवाई में टीम बैंक के संदिग्ध खातों और उनके वित्तीय लेनदेन का रिकॉर्ड खंगाल रही है। आयकर विभाग की अचानक कार्रवाई से बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जानकारी अनुसार, यह सर्च अभियान आयकर विभाग की ओर से हाल ही में उप रजिस्ट्रार कार्यालय पर की गई छापेमारी की अगली कड़ी माना जा रहा है। उप रजिस्ट्रार कार्यालय में की गई कार्रवाई के दौरान विभाग ने 170 से भी अधिक संदिग्ध भू-खंडों व जमीनों की रजि्ट्रिरयों को जब्त किया था। अब उसी पैटर्न पर कॉ-ऑपरेटिव बैंक में खातों की गहनता से पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सकें कि इन संदेहास्पद सौदों और रजि्ट्रिरयों से जुड़ी राशि का लेनदेन किस तरह और किन खातों के जरिए किया गया था।
बैंक के प्रबंध निदेशक वेद प्रकाश सैनी ने बताया, जोधपुर से आई आयकर विभाग की टीम मुख्य शाखा में 2 लाख रुपए और उससे ऊपर के वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। बैंक में मुख्य रूप से किसानों के खाते और बीबीजी रामजी योजना के तहत खुले अकाउंट्स हैं। विभाग की टीम बैंक में जमा और निकासी के आंकड़ों, संदिग्ध लेनदेन और 2 लाख से अधिक के ट्रांजैक्शन की विस्तृत जांच-पड़ताल करने में जुटी है। आयकर विभाग की इस पड़ताल के बीच बैंक से जुड़े कई महत्वपूर्ण आंकड़े भी सामने आए हैं। इस बैंक में कुल 3 लाख से अधिक खाते मौजूद हैं, जिनमें लगभग 64,000 पंजीकृत लोन खाते शामिल हैं। बैंक का सालाना टर्नओवर 735 करोड़ रुपए है। यह बैंक जिले की सहकारी समितियों के माध्यम से लगभग 58 हजार किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर फसली ऋण प्रदान कर बड़ी राहत दे रहा है।
जिले में बैंक की 10 शाखाएं कार्यरत
जिले में इस बैंक की कुल 10 शाखाएं कार्यरत हैं, जिनमें जैसलमेर मुख्य शाखा के अलावा पोकरण, रामदेवरा, नाचना, मोहनगढ़, सुल्ताना, रामगढ़, फतेहगढ़, राजमथाई और चांधन शामिल हैं। फिलहाल आयकर विभाग की टीम मुख्य शाखा में रिकॉर्ड खंगालने में जुटी हुई है और माना जा रहा है, कि जांच पूरी होने के बाद ही कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Comment List