ट्रेन में बीएसएफ जवान की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई जहरखुरानी की आशंका
नशीला पदार्थ सुंघाकर या खिलाकर अपना शिकार
जैसलमेर। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के एक हेड कांस्टेबल की ट्रेन में संदिग्ध मौत हो गई। परिजनों ने आशंका जताई, कि जवान सफर के दौरान किसी जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गए। जानकारी अनुसार, मूल रूप से रुड़की (उत्तराखंड) के राज विहार कॉलोनी, मिलाप नगर निवासी सत्यपाल सिंह (53 वर्ष) पुत्र नेतराम जैसलमेर में तैनात थे। वह 27 जून को रानीखेत एक्सप्रेस में छुट्टी पर घर के लिए निकले थे। उन्हें दिल्ली पहुंच वहां से हरिद्वार-रुड़की की ट्रेन पकड़नी थी। लेकिन, 29 जून की सुबह जब ट्रेन उत्तराखंड के काठगोदाम रेलवे स्टेशन पहुंची, तो सत्यपाल सिंह जनरल बोगी में अचेत (बेहोश) अवस्था में पाए गए। बोगी में जवान के बेहोश मिलने पर जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती करवाया। उनके पास मिले सरकारी पहचान दस्तावेजों से शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने तत्काल रुड़की में उनके परिजनों को सूचित किया। अस्पताल में उपचार के दौरान सत्यपाल सिंह ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने जताई जहर खुरानी की आशंका : परिजनों का मानना है, कि ट्रेन में सफर के दौरान किसी शातिर गिरोह ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर या खिलाकर अपना शिकार बनाया है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं दी गई है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Comment List