असर खबर का : समर्थन मूल्य पर हो रही खरीद में अव्यवस्थाओं को लेकर हरकत में आया प्रशासन, तहसीलदार ने मंडी परिसर व तुलाई केंद्र का किया निरीक्षण
अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
बकानी (झालावाड़) की गौण मंडी में समर्थन मूल्य खरीद की अव्यवस्थाओं पर प्रशासन हरकत में आया। दैनिक नवज्योति की खबर के बाद तहसीलदार रतनलाल भील ने निरीक्षण कर नाराजगी जताई। किसानों की लंबी कतारें देख तुलाई तेज करने, अतिरिक्त कांटे लगाने, पानी की व्यवस्था सुधारने और सीसी रोड साफ कर सुचारू संचालन के निर्देश दिए।
बकानी । झालावाड़ जिले के बकानी की गौण मंडी में समर्थन मूल्य पर हो रही खरीद में हो रही अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार सहित राजस्व विभाग की टीम द्वारा मंडी परिसर का निरीक्षण किया। जानकारी के लिए आपको बता दे कि मंडी परिसर में हो रही अवस्थाओं को लेकर दैनिक नवज्योति में दिनांक 30 अप्रैल 2026 के अंक में गौण मंडी में अव्यवस्थाओं अम्बार,किसान परेशान शीर्षक के नाम से खबर प्रकाशित की गई थी, जिसका असर अगले दिन ही देखने को मिला।
बकानी तहसीलदार रतनलाल भील के द्वारा समर्थन मूल्य तुलाई केंद्र सहित गौण मंडी परिसर का निरिक्षण किया। इस दौरान उनके साथ कानूनगो जयराज मंडोत,उमेश मौर्य उपस्थित रहे जहाँ अपनी उपज की तुलाई के लिए इंतजार कर रहे किसानों के खड़े ट्रैक्टरों की लंबी-लंबी कतारे देखने को मिली। तहसीलदार ने राजफैड तुलाई केंद्र पर उपस्थित ठेकेदार से जानकारी ली गई और अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जाहिर की गई, जिस पर ठेकेदार द्वारा बताया कि पिछले तीन चार दिनों से अधिक किसानों के पास पंजीकरण संदेश आने के कारण तुलाई की व्यवस्था बिगड़ रही है। जिस पर तहसीलदार द्वारा तुलाई व्यवस्था में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त तोल कांटे लगाने के लिए ठेकेदार को निर्देशित किया गया।
साथ ही कृषि उपज मंडी सचिव से बात कर मंडी परिसर मे किसानों के लिए पीने के पानी समुचित व्यवस्था नहीं होने पर पीने के पानी की व्यवस्था करने की कहा गया। वही तहसीलदार ने मंडी परिसर में चल रहे निर्माण कार्य सीसी रोड़ पर बिछाई गई मिट्टी को हटाने के लिए ठेकेदार निर्देश दिए गए। जिससे किसान सीधे अपनी उपज को सीसी रोड़ पर खाली करवाकर तुलाई करवा सके। इसी के साथ तुलाई के लिए आए टैक्टरों को सही तरीके से खड़े करने के निर्देश दिए, जिससे व्यवस्था नहीं बिगड़े। जहाँ व्यापारियों सहित कई किसान उपस्थित रहे।

Comment List