झालावाड़ में धरती में कंपन से दहशत, घरों से बाहर निकले ग्रामीण
नोलाई, बरखेड़ी और खजूरी में दो-तीन बार महसूस हुए हल्के झटके
झालावाड़। उपखंड क्षेत्र के नोलाई पंचायत के नोलाई, बरखेड़ी और खजूरी गांवों में मंगलवार सुबह रुक-रुककर दो-तीन बार धरती में कंपन महसूस होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने कंपन को भूकंप के हल्के झटकों जैसा बताया। कंपन महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक भय का माहौल बना रहा। ग्रामीणों के अनुसार कंपन के दौरान कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन दरारों का कारण कंपन ही है या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद क्षेत्र के स्कूलों में भी एहतियात बरती गई। शिक्षकों ने सतर्कता के तौर पर बच्चों की छुट्टी कर उन्हें घर भेज दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले कभी भूकंप जैसी घटना सामने नहीं आई। साथ ही आसपास किसी बड़े खनन कार्य या ब्लास्टिंग की गतिविधि भी नहीं होती है। ऐसे में अचानक धरती में कंपन महसूस होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई।
सूचना मिलने पर पिडावा उपखंड प्रशासन और पुलिस सक्रिय हुए। तहसीलदार सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने कंपन के समय, उसकी तीव्रता और संभावित प्रभाव के बारे में जानकारी जुटाई। फिलहाल प्रशासन ने इसे भूकंप के रूप में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जानकारी जुटाई जा रही है।

Comment List