नांदड़ी में शराब दुकान के विरोध में धरना, ज्ञापन के बाद मिला स्थान परिवर्तन का आश्वासन
जन आक्रोश: जोधपुर में शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का मोर्चा
जोधपुर के नांदड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ निवासियों ने आबकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। मंदिर, स्कूल और अस्पताल के पास दुकान खुलने से नाराज महिलाओं ने अधिकारियों का घेराव किया। पुलिस की समझाइश और प्रशासन द्वारा दुकान स्थानांतरित करने के लिखित आश्वासन के बाद ही धरना समाप्त हुआ।
जोधपुर। नांदड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर मंगलवार को क्षेत्रवासियों का विरोध तेज हो गया। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष जिला आबकारी कार्यालय पहुंचे और गेट के सामने बैठकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आबकारी अधिकारी की गाड़ी के आगे बैठकर नाराजगी जताई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उदयमंदिर थाना पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
पुलिस की समझाइश के बाद माहौल शांत हुआ। प्रदर्शनकारियों की ओर से शंकर बिश्नोई ने बताया कि प्रस्तावित शराब दुकान के आसपास बस स्टैंड, स्कूल, अस्पताल, मंदिर और आवासीय कॉलोनी स्थित है। ऐसे में दुकान खुलने से आमजन, विशेषकर महिलाओं और बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। क्षेत्रवासियों ने जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए लिखित आश्वासन देने और दुकान को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने विरोध समाप्त किया और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Comment List