बीएसएफ जवान की पत्नी ने फंदा लगाकर दी जान, बच्चों के स्कूल से लौटने के बाद घटना का खुलासा
अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही
बीएसएफ फैमिली क्वार्टर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां बीएसएफ जवान की पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय बच्चे स्कूल गए हुए थे और शाम को लौटने पर उन्हें इस दुखद घटना का पता चला। पति उस समय सीमा पर तैनात था, जिसे सूचना देकर बुलाया।
जोधपुर। शहर के मंडोर क्षेत्र स्थित बीएसएफ फैमिली क्वार्टर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां बीएसएफ जवान की पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय बच्चे स्कूल गए हुए थे और शाम को लौटने पर उन्हें इस दुखद घटना का पता चला। पति उस समय सीमा पर तैनात था, जिसे सूचना देकर बुलाया गया। मंडोर थाना पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 27 वर्षीय सुआ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बाड़मेर जिले के गिड़ा क्षेत्र की निवासी थी। उसके पति रमेश कुमार चौधरी बीएसएफ में जवान हैं और वर्तमान में बॉर्डर पर ड्यूटी पर तैनात थे। परिवार बीएसएफ क्वार्टर में निवास कर रहा था। घटना 5 अप्रैल की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला ने अपने क्वार्टर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
बच्चों के स्कूल से लौटने के बाद घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पति के जोधपुर पहुंचने के बाद सोमवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के भाई जुजाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन का मानसिक संतुलन कुछ समय से ठीक नहीं था। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में किसी प्रकार के अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

Comment List