पंजाब में नशीली दवा आपूर्ति के तार जोधपुर से जुड़े : फार्मा कंपनी पर संयुक्त छापा, एक साल का रिकॉर्ड जब्त
रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की जा रही
पंजाब में पकड़ी जा रही नशीली दवाइयों के तार अब जोधपुर से जुड़ने की आशंका ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। इसी कड़ी में पंजाब पुलिस और औषधि नियंत्रण विभाग ने जोधपुर पुलिस एवं औषधि नियंत्रक विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
जोधपुर। पंजाब में पकड़ी जा रही नशीली दवाइयों के तार अब जोधपुर से जुड़ने की आशंका ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में पंजाब पुलिस और औषधि नियंत्रण विभाग ने जोधपुर पुलिस एवं औषधि नियंत्रक विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान जोधपुर के राजदान मैंशन स्थित मां कृपा फार्मा कंपनी पर पंजाब एवं जोधपुर टीमों की ओर से संयुक्त कार्यवाही कर रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। औषधि नियंत्रक अधिकारी पंकज गहलोत ने बताया कि टीम ने कंपनी के पिछले एक वर्ष के परचेज और सप्लाई रिकॉर्ड को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि पंजाब में सप्लाई हुई और वहां पकड़ी गई नशीली दवाओंं का कनेक्शन इसी फार्मा से हो सकता है। यही कारण है कि रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
पंजाब पुलिस की ओर से मामले की पड़ताल की जा रही हैं, जिसमें जोधपुर औषधि नियंत्रक विभाग एवं पुलिस को कार्यवाही में शामिल किया गया। वहीं मामला नशीली दवाइयों से जुड़ा होने के चलते आगे की कार्यवाही पंजाब औषधि नियंत्रण विभाग एवं पुलिस की ओर से प्रस्तावित है। बताया कि कार्रवाई के समय कंपनी के मालिक प्रेम बिश्नोई मौके पर मौजूद नहीं मिले, जिससे जांच और अधिक संदेह के घेरे में आ गई है। अधिकारियों के अनुसार, अब उनसे भी पूछताछ की जाएगी और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

Comment List