समर्थन मूल्य पर सरसों एवं चना खरीद जारी, जोधपुर संभाग में 66 प्रतिशत खरीद पूर्ण
15 खरीद केन्द्र स्वीकृत किए गए
रबी खरीद सीजन 2026-27 के तहत सरसों और चने की समर्थन मूल्य पर खरीद जारी। राजफैड ने 15 खरीद केंद्रों पर चना 5875 और सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल दर तय। अब तक 10,492 किसानों से 2.82 लाख क्विंटल चना खरीदा। खरीद में 66 प्रतिशत लक्ष्य पूरा।
जोधपुर। रबी खरीद सीजन 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर सरसों एवं चना की खरीद कार्य लगातार जारी है। जोधपुर संभाग में समर्थन मूल्य खरीद के लिए कुल 15 खरीद केन्द्र स्वीकृत किए गए हैं। इन केन्द्रों पर राजफैड द्वारा सरसों की खरीद 6200 रुपए प्रति क्विंटल तथा चने की खरीद 5875 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। राजफैड जोधपुर के क्षेत्रीय अधिकारी बंशीलाल विश्नोई ने बताया कि 15 मई 2026 तक चना खरीद के लिए पंजीकृत 17 हजार 56 किसानों में से 15 हजार 998 किसानों को तुलाई के लिए दिनांक आवंटित की जा चुकी है। इनमें से 10 हजार 492 किसानों से 2 लाख 82 हजार 283 क्विंटल चने की खरीद समर्थन मूल्य पर की जा चुकी है। जोधपुर संभाग में एमएसपी खरीद के निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध अब तक लगभग 66 प्रतिशत खरीद पूर्ण हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा रबी सीजन 2026-27 में दलहन एवं तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए किसानों के पंजीकरण एवं खरीद प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुगम बनाया गया है। पूर्व में जनाधार फैमिली आईडी के आधार पर केवल एक ही पंजीकरण किया जा सकता था तथा यह पंजीकरण उस सदस्य के नाम से होता था, जिसके नाम भूमि दर्ज होती थी। विश्नोई ने बताया कि अब इस व्यवस्था में संशोधन करते हुए नया प्रावधान लागू किया गया है, जिसके तहत जनआधार फैमिली आईडी के स्थान पर जनआधार सदस्य आईडी का उपयोग किया जा सकेगा। इससे परिवार के अन्य सदस्य, जिनके नाम भूमि दर्ज है, वे भी अलग-अलग एमएसपी पंजीकरण करवाकर अपनी जिन्सों की तुलाई समर्थन मूल्य पर करवा सकेंगे।

Comment List