तरंग शक्ति-2026 : आसमां में तेजस के साथ गरजा अमेरिकी एफ-35, युद्धाभ्यास में दुनिया के टॉप फाइटर जेट्स का शक्ति प्रदर्शन
आठ देशों की वायु सेनाएं आमने-सामने
जोधपुर। एक तरफ भारत का स्वदेशी तेजस, दूसरी तरफ अमेरिका का अत्याधुनिक स्टील्थ फाइटर एफ-35ए लाइटनिंग द्वितीय... सोमवार रात जोधपुर के आसमान में दोनों ने साथ उड़ान भरकर बहुराष्ट्रीय हवाई शक्ति की तस्वीर पेश की। वायुसेना की ओर से जारी वीडियो में तेजस और एफ-35ए एक साथ आसमान में उड़ते नजर आए। खास बात यह है कि एफ-35ए पहली बार भारत में किसी सैन्य अभ्यास में शामिल हुआ है। जापान स्थित अमेरिकी एयरबेस से छह एफ-35ए जोधपुर पहुंचे हैं। जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर चल रहे तरंग शक्ति-2026 में आठ देशों की वायुसेनाएं हिस्सा ले रही हैं। इनमें भारत के साथ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, श्रीलंका और बांग्लादेश शामिल हैं। इसके अलावा 32 से ज्यादा देश अभ्यास को पर्यवेक्षक के तौर पर देख रहे हैं। अमेरिकी दूतावास के अनुसार, एफ-35ए स्टील्थ तकनीक, अत्याधुनिक सेंसर और सूचना साझा करने की क्षमता से लैस है। अभ्यास में इन विमानों की मौजूदगी से भारतीय और अन्य भागीदार वायुसेनाओं को आधुनिक हवाई अभियानों और संयुक्त संचालन की नई तकनीकों के प्रशिक्षण का अवसर मिल रहा है।
अभ्यास में दिन और रात के जटिल हवाई अभियानों के साथ डॉगफाइट और हवा में ही ईंधन भरने जैसे चुनौतीपूर्ण अभ्यास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य अलग-अलग देशों की वायुसेनाओं के बीच आधुनिक युद्ध तकनीक, संचालन पद्धति और अनुभव साझा करना है। तरंग शक्ति के जरिए भारतीय वायुसेना अपने लड़ाकू विमानों और सहयोगी देशों के प्लेटफॉर्म के साथ संयुक्त अभियान की क्षमता को भी परख रही है।

Comment List