तरंग शक्ति युद्धाभ्यास: नोटम लागू, कई फ्लाइटों के समय बदले; जोधपुर एयरपोर्ट पर 4 घंटे सिविल उड़ानें बंद
। फ्लाइटों के समय में बदलाव का असर यात्रियों की यात्रा योजना पर पड़ेगा
जोधपुर। तरंग शक्ति युद्धाभ्यास के चलते जोधपुर सिविल एयरपोर्ट पर सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक चार घंटे सिविल उड़ानों की आवाजाही बंद रहेगी। इस अवधि में एयरपोर्ट से न तो कोई सिविल फ्लाइट उड़ान भर सकेगी और न ही लैंड कर सकेगी। इसका सीधा असर नियमित फ्लाइटों के समय पर पड़ा है। इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने संशोधित शेड्यूल जारी किया है। नए शेड्यूल में कुछ उड़ानों को नोटम की अवधि से पहले संचालित किया जाएगा। दिल्ली-जोधपुर इंडिगो उड़ान पहले सुबह 11:35 बजे जोधपुर पहुंचती थी।
अब इसका समय सुबह 8:15 बजे कर दिया गया है। बेंगलुरु-जोधपुर उड़ान सुबह 7:50 बजे पहुंचेगी। वहीं मुंबई-जोधपुर एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान का समय 12:55 बजे निर्धारित किया गया है। फ्लाइटों के समय में बदलाव का असर यात्रियों की यात्रा योजना पर पड़ेगा। खासकर सुबह की उड़ान पकड़ने वाले यात्रियों को पहले के मुकाबले एयरपोर्ट जल्दी पहुंचना होगा। जिन यात्रियों की आगे कनेक्टिंग फ्लाइट है, उन्हें भी बदले हुए समय के अनुसार अपनी यात्रा योजना बनानी होगी।
नोटम 6 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा
हालांकि एयरलाइंस की ओर से जारी संशोधित शेड्यूल फिलहाल 30 सितंबर तक का है। यात्रियों को एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान का अपडेटेड समय जांचने की सलाह दी गई है।

Comment List