कोटा में 32.54% मतदान, टोडीखेड़ली में ग्रामीणों ने किया बहिष्कार
कुराड़िया खुर्द में ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित, 538 केंद्रों पर वोटिंग जारी
कोटा। पंचायत राज चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को कोटा जिले की सांगोद, सुल्तानपुर, इटावा और लाडपुरा पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान जारी है। दोपहर एक बजे तक जिले में 32.54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। गांवों की सरकार चुनने के लिए बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं में उत्साह दिखाई दिया। सांगोद पंचायत समिति के अमृतकुआं मतदान केंद्र पर 101 वर्षीय गुलाब बाई ने मतदान किया। वहीं, 97 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचीं। मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग मतदाताओं के साथ महिलाएं भी बड़ी संख्या में पहुंचीं। कई महिलाएं घूंघट में मतदान करने आईं। एक पैर से चलने वाले बिरधीलाल ने भी मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई।
टोडीखेड़ली में मतदान का बहिष्कार
इटावा पंचायत समिति की सिनोता ग्राम पंचायत के टोडीखेड़ली गांव में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत ढीपरी चंबल को सिनोता में शामिल किए जाने के विरोध में मतदान का बहिष्कार किया। वहीं, कुराड़िया खुर्द में ईवीएम खराब होने की सूचना सामने आई।
चार पंचायत समितियों में 538 मतदान केंद्र
पहले चरण में चार पंचायत समितियों के 84 वार्डों और जिला परिषद के 19 वार्डों के लिए मतदान हो रहा है। कुल 270 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें जिला परिषद के 19 वार्डों में 51 और पंचायत समितियों के 84 वार्डों में 219 उम्मीदवार शामिल हैं।चारों पंचायत समितियों में 4 लाख 47 हजार से अधिक मतदाता हैं। इनमें 2,31,445 पुरुष और 2,16,396 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 538 केंद्र बनाए गए हैं। सांगोद पंचायत समिति के 35 वार्ड और जिला परिषद के पांच वार्डों के लिए मतदान हो रहा है। यहां 1,29,094 मतदाता हैं, जिनमें 66,464 पुरुष और 62,630 महिलाएं शामिल हैं। सांगोद क्षेत्र में 156 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।मतदान के दौरान मतदाता सुबह से ही केंद्रों पर पहुंचते रहे। मतदान के दौरान बिरधीलाल एक पैर से चलकर वोट डालने पहुंचे। उन्होंने अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। उनका मतदान केंद्र पहुंचना अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणादायी रहा।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2,500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें चार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और सीआई सहित पुलिसकर्मी तथा आरएसी के जवान शामिल हैं। 40 संवेदनशील पंचायतों में चार-चार पुलिसकर्मी रिजर्व रखे गए हैं और 54 मोबाइल पार्टियां भी तैनात की गई हैं। सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान 24 अक्टूबर को होगा। उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Comment List