रंगों की भाषा में बयां किया दीपावली का उल्लास, महिलाओं ने रंगोली में उकेरी कला की अनूठी छटा
सिमरन नागर ने हासिल किया प्रथम स्थान
कोटा। रंगों की खूबसूरत छटा, पारंपरिक कला का आकर्षण और रचनात्मकता का अनूठा संगम... दीपावली के पावन पर्व पर दैनिक नवज्योति कार्यालय में दीपावली थीम पर आयोजित रंगोली बनाओ प्रतियोगिता में देखने को मिला। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग की युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा से रंगों के माध्यम से दीपावली के उल्लास और उमंग को जीवंत कर दिया।त्योहारों और मांगलिक अवसरों पर घर-आंगन की शोभा बढ़ाती रंगोली की इसी परंपरा को सहेजने और रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल पांच प्रतिभागी विजेता रहे ।
फूलों, दीपों और रंगों से सजीं मनमोहक रंगोलियां
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दीपावली थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर पारंपरिक लोककला और आधुनिक कलात्मक शैलियों का खूबसूरत मेल प्रस्तुत किया। किसी ने रंगों के माध्यम से अयोध्या नगरी और प्रभु श्रीराम की छवि उकेरी तो किसी ने दीपावली की शुभकामनाओं को कलात्मक अंदाज में सजाया। रंगोलियों में नीले, पीले, लाल, नारंगी, बैंगनी, सफेद, केसरिया, गुलाबी और हरे जैसे चटख रंगों का खूबसूरती से प्रयोग किया गया।प्रतिभागियों ने अपनी कलाकृतियों को सजाने में फूलों, प्राकृतिक फूलों की पंखुड़ियों, सिक्कों, मिनिएचर कलाकृतियों, क्रिस्टल बॉल, पिरामिड ग्लास प्लेट और कृत्रिम पत्तियों का रचनात्मक इस्तेमाल किया। इसके साथ ही रंगोलियों को आकर्षक दीपों से भी सजाया गया, जिससे रोशनी के पर्व दीपावली का उल्लास और भी खूबसूरती से झलका। हर रंगोली में प्रतिभागियों की मेहनत, कल्पनाशीलता साफ नजर आई।
प्रतियोगिता का परिणाम
प्रतियोगिता के परिणामों में सिमरन नागर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि हिमांगी अग्रवाल द्वितीय और वैशाली तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, जाह्नवी शर्मा और अंजू देवी ने सांत्वना पुरस्कार की श्रेणी में स्थान बनाया।

Comment List