जंगली घास से खिलाड़ियों में जहरीले जीव जंतुओं का खौफ, स्टेडियम में अन्य सुविधाएं भी बदहाल
भीमराव सिंह स्टेडियम की बदहाल स्थिति पर खेल प्रेमियों में नाराजगी
सांगोद। क्षेत्र के एकमात्र बड़े खेल मैदान भीमराव सिंह स्टेडियम की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। स्टेडियम में उगी जंगली घास, खरपतवार और कंटीली झाड़ियों से खिलाड़ियों और बच्चों में सांप व अन्य जहरीले जीवों का भय बना हुआ है। खेल प्रेमियों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जोलपा रोड स्थित भीमराव सिंह स्टेडियम में इन दिनों जंगली घास और खरपतवार का कब्जा बढ़ता जा रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे यहां क्रिकेट, फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों का अभ्यास करने पहुंचते हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि मैदान में फैली झाड़ियों के कारण दुर्घटना और जहरीले जीवों के निकलने का खतरा बना हुआ है। क्रिकेट कोच वसीम ने बताया कि मंगलवार को अभ्यास के दौरान उन्होंने झाड़ियों में सांप देखा, जिसके बाद बच्चों को उस क्षेत्र में जाने से रोकना पड़ा। उनका कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं करवाई गई तो खिलाड़ियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। खेल प्रेमियों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्टेडियम में अन्य सुविधाएं भी बदहाल
स्थानीय खिलाड़ियों और आसपास के निवासियों के अनुसार स्टेडियम में लगा वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है। पेयजल के लिए बनी प्याऊ के सभी नल टूटे हुए हैं। स्टेडियम की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो रही है, जबकि शौचालयों के गेट भी टूटे हुए हैं। इससे विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों और भ्रमण के लिए आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
दशकों से इस मैदान को देखा है। इसी मैदान से कई खिलाड़ी जिला और राज्य स्तर तक पहुंचे हैं। लेकिन आज भी खेल मैदान का विकास मानकों के अनुरूप नहीं हो पाया है। उचित सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए पार्कों और गलियों का सहारा लेना पड़ रहा है।
-सुरेंद्र सिंह, सेवानिवृत्त सैनिक एवं फुटबॉल कोच, सांगोद
नगर में खेल गतिविधियों के लिए यह एकमात्र बड़ा स्टेडियम है। इसकी दुर्दशा चिंता का विषय है। संबंधित अधिकारियों को कम से कम स्टेडियम की सफाई कर जंगली घास और खरपतवार हटाने की दिशा में तत्काल कदम उठाने चाहिए।
-सोनम सोनी, निवर्तमान नगर उपाध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा
मामला उनके संज्ञान में आ गया है। कर्मचारियों को भेजकर स्टेडियम परिसर में उगी जंगली घास और कांटेदार खरपतवार को जल्द हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
-हंसराज नरवाल, सफाई निरीक्षक, नगर पालिका, सांगोद

Comment List