33 और 11 केवी बिजली लाइनों से तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
100 से 120 रुपए किलो में बेचते थे चोरी का माल
कोटा । खेतों में लगे बिजली के खंभों से 33 केवी और 11 केवी लाइनों के तार चोरी करने वाले गिरोह का कोटा ग्रामीण पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन कथित तार चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 1200 किलोग्राम से अधिक विद्युत तार और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। पुलिस कार्रवाई में कोटा ग्रामीण जिले में तार चोरी की करीब 77 वारदातों का खुलासा हुआ है। वहीं, कोटा रेंज और बारां जिले में हुई अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी पूरण निवासी भाण्डाहेडा कैथून, गोलू निवासी भाण्डाहेडा कैथून, सुल्तान निवासी रायथल सीसवाली बांरा, शफीक निवासी बोम्बे योजना सुभाष नगर कोटा मोहम्मद जाहिद निवासी कोटडी कोटा से पूछताछ कर रही है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर बताया कि गठित एंटी थेफ्ट सेल ने करीब एक महीने तक तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, टोल डाटा और मुखबिरों की सूचना एकत्र की और गिरोह तक पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार, तार चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से किसान और विद्युत विभाग के अधिकारी परेशान थे। खेतों से बिजली के तार चोरी होने के कारण कृषि कनेक्शन प्रभावित हो रहे थे ।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तार चोरी की वारदातों में स्थानीय और बारां जिले के कुछ गिरोह शामिल थे। ये गिरोह कैथून, सीमलिया, देवली मांझी और दीगोद थाना क्षेत्रों के अलावा बारां जिले के अन्ता और बारां सदर क्षेत्र में सक्रिय थे। गिरोह के सदस्य आपस में मिलकर भी वारदात करते थे। पिछले छह महीनों में 100 से अधिक वारदातों में उनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अन्य घटनाओं और आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
दिन में रैकी, रात में काटते थे तार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन में खेतों और बिजली की लाइनों की रैकी कर ऐसे स्थानों को चिह्नित करते थे, जहां ग्रामीण रास्तों के आसपास सीसीटीवी कैमरों की निगरानी कम हो। इसके बाद रात करीब 11 बजे कार से मौके पर पहुंचते और गिरोह के सदस्य खेतों में लगे बिजली के तार काटते थे। चोरी किए गए तार सड़क किनारे एकत्रित करने के बाद वाहन से कबाड़ियों तक पहुंचाए जाते थे,आरोपी चोरी का तार 100 से 120 रुपए प्रति किलो के भाव से बेचते थे, जबकि कबाड़ी इसे आगे 180 से 200 रुपये प्रति किलो के भाव से बेचते थे। रकम का लेन-देन नकद किया जाता था।
पांच आरोपी गिरफ्तार, नौ फरार चिह्नित
पुलिस ने पूरण बागरी, गोलू बागरी और सुल्तान बागरी को तार चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। वहीं, चोरी का माल खरीदने के आरोप में शफीक मोहम्मद और मोहम्मद जाहिद को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1200 किलो से अधिक विद्युत तार और वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की है।
पुलिस ने मामले में हरीश, सुमन उर्फ काबो, अमन, रघुवीर, जीतू उर्फ जितेन्द्र, सुल्तान उर्फ भूरिया, महेन्द्र, धनराज और नाथूलाल सहित अन्य संदिग्ध कबाड़ियों को चिह्नित किया है। इनकी गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Comment List