असर खबर का : दशहरा मैदान में खुदी पड़ी सड़क की मरम्मत शुरू
त्योहारी सीजन से पहले आवागमन होगा सुचारू, जाम और हादसों से मिलेगी निजात
कोटा। दशहरा मैदान में खुदी पडी सड़क को जलदाय विभाग ने मरम्मत करना शुरू कर दिया है। किशोरपुरा थाने से तुलसी माता मन्दिर के सामने तक पिछले डेढ़ महिने से पाईप लाईन डालनें के काम के चलते यह सडक खोद दी गई थी जिससे किशोरपुरा से सीएडी की और आने वाले ट्रेफिक को यहां आने पर भारी परेशानी और जाम का सामना कर पड रहा था। जलदाय विभाग के निर्देशों के बाद ठेकेदार ने मौके पर सीमेंट-कंक्रीट मिक्सर मशीनें और अतिरिक्त मजदूर लगाकर सड़क की ढलाई का काम शुरू करवा दिया है। विभाग द्वारा यहां पाइपलाइन शिफ्टिंग के बाद खुदे हुए मार्ग को पक्का किया जा रहा है, ताकि उड़ती धूल और मलबे से स्थानीय निवासियों व दुकानदारों को तुरंत राहत मिल सके।
त्यौहारों से पहले आवागमन होगा सुचारू
जलदाय विभाग खण्ड़ -2 के अधिशाषी अभियन्ता श्याम माहेश्वरी ने बताया कि साजी देहड़ा नाले के पास 700 एमएम की जर्जर सीमेंटेड लाइन के स्थान पर 900 एमएम की 300 मीटर नई पाइपलाइन को पिलर्स पर शिफ्ट करने का काम पहले ही पूरा किया जा चुका था। सड़क मरम्मत के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर 3-4 दिनों में पूरा कर मार्ग को पूरी तरह तैयार करवा दिया जाएगा। आगामी त्यौहारी सीजन के पहले सीएडी चौराहे की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को सुरक्षित और सुगम रास्ते में आ रही बाधा से निजात मिल सकें।
'दैनिक नवज्योति' में प्रमुखता से खबर छपते ही जागा जलदाय विभाग, मरम्मत का काम शुरू
दशहरा मैदान क्षेत्र में किशोरपुरा थाने से सुलभ कॉम्प्लेक्स तक पिछले एक महीने से खुदी पड़ी सड़क, बिखरे मलबे और टूटी पेयजल लाइनों से बेहाल राहगीरों व व्यापारियों की समस्या को 'दैनिक नवज्योति' ने 4 सितंबर के अंक में ''दशहरा मैदान में 1 महीने से सड़क खुदाई से राहगीर बेहाल'' शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होते ही जलदाय विभाग हरकत में आ गया है और मौके पर सड़क मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर शुरू करवा दिया गया है।
व्यापारियों और राहगीरों ने जताया आभार
पिछले डेढ़ महीने से ठप पड़े कारोबार और रोज हो रहे हादसों से परेशान स्थानीय व्यापारी चेतन जैन सहित क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। निवासियों का कहना है कि दैनिक नवज्योति द्वारा जनसमस्या को प्रमुखता से उठाने के बाद ही जिम्मेदार अधिकारी जागे और ठप पड़े काम को रफ्तार मिली। त्यौहारी सीजन व आम लोगों को हो रही परेशानी के चलते मुख्य मार्ग पर खुदी पड़ी सड़क से राहगीर व वाहन चालक परेशान हो रहे थे। आए दिन हो रही घटनाओं से स्थानीय निवासी भी परेशान होने लगे थे। खबर का संज्ञान लेते हुए विभाग ने तुरंत निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
विभाग द्वारा इंटरकनेक्टिंग का काम बाकी रह गया था जिसके चलते बाकि रहा काम शुरू कर दिया गया है। सड़क सुधारीकरण का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिससे बैराज व किशोरपुरा गेट से सीएडी चौराहे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सुगम आवागमन मिल सकेगा।
- श्याम माहेश्वरी, एक्सईएन जलदाय विभाग कोटा द्वितीय

Comment List