असर खबर का : सड़क दोहरीकरण निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार
दैनिक नवज्योति में खबर प्रकाशित होने के बाद ऊर्जा मंत्री नागर ने दिए निर्देश
सांगोद। नगर में पिछले एक महीने से कछुआ चाल से चल रहे सड़क दोहरीकरण कार्य के कारण जाम और धूल के गुबार से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
सड़क निर्माण में देरी और अधूरे कार्य को लेकर दैनिक नवज्योति में लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद स्थानीय विधायक एवं ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद मंगलवार से बपावर रोड पर सड़क निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो गया। नगर में सड़क दोहरीकरण परियोजना के तहत मिनी सचिवालय से पंचायत समिति और पेट्रोल पंप रोड तक लंबे समय से सड़क निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा था। निर्माण कार्य की धीमी गति और जगह-जगह अधूरी खुदाई के चलते वाहन चालकों, दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन लगने वाले जाम और उड़ती धूल से आमजन भी परेशान थे।
इस समस्या को लेकर दैनिक नवज्योति ने दो बार प्रमुखता से समाचार प्रकाशित कर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित किया था। खबर प्रकाशित होने के 24 घंटे के भीतर ही ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने संबंधित अधिकारियों को बपावर रोड और थाना रोड पर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद मंगलवार को बपावर मार्ग पर निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ली।
नगर वासियों ने जताया दैनिक नवज्योति व मंत्री का आभार
नगर वासियों ने जनसमस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए दैनिक नवज्योति और समस्या पर त्वरित संज्ञान लेकर अधिकारियों को निर्देश देने के लिए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का आभार जताया।
अन्य लंबित मांगों पर भी हो पहल
नगर वासियों ने सांगोद के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से सरकार और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी हैं। इनमें कृषि उपज मंडी को रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग प्रमुख है, जिसे लेकर दैनिक नवज्योति में भी दो बार समाचार प्रकाशित किए जा चुके हैं। इसके अलावा नगर में औद्योगिक कारखाने की स्थापना, करीब 10 वर्ष पूर्व केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा घोषित कोटा-सांगोद फोरलेन हाईवे निर्माण योजना को गति देने, बालिका विद्यालय खोलने, सांस्कृतिक पशु मेले के आयोजन, खेल मैदान की स्थापना तथा बस स्टैंड से रोडवेज बसों का संचालन शुरू करवाने जैसी मांगें भी शामिल हैं।

Comment List