असर खबर का : बारिश से उखड़ी सड़कों पर पैचवर्क शुरू, वाहन चालकों को जल्द मिलेगी दचकों से राहत
दैनिक नवज्योति की खबर का असर, प्रशासन ने लिया सड़कों का जायजा
कोटा। शहर में लगातार बारिश के कारण जगह-जगह खराब हुई सड़कों और बड़े-बड़े गड्ढों से अब वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। बारिश के कारण उखड़ी सड़कों पर प्रशासन की ओर से पैचवर्क का काम शुरू कर दिया गया है। कई प्रमुख मार्गों पर सड़क की स्थिति खराब होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहनों को दचके लग रहे थे, वहीं रात के समय इन गड्ढों के कारण हादसों की आशंका भी बनी हुई थी। अब सड़कों की मरम्मत शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस समस्या को लेकर दैनिक नवज्योति ने 21 सितंबर के अंक में पृष्ठ संख्या 5 पर ‘बारिश में उखड़ी सड़कें, गड्ढों में फंस रही व्यवस्था’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर के माध्यम से बारिश के बाद शहर की सड़कों की खराब स्थिति और वाहन चालकों को हो रही परेशानी को सामने लाया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से सड़कों का निरीक्षण करने के बाद कोटा-बारां रोड पर पैचवर्क का काम शुरू कराया गया। इस मार्ग पर बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। सड़क पर बने गड्ढों को भरने और उखड़े हिस्सों की पैचवर्क का कार्य किया गया। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को आने वाले दिनों में राहत मिलेगी। बोरखेड़ा ब्रिज और रेलवे ब्रिज पर भी बारिश के कारण जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। यहां दिनभर बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है। वाहन चालकों को ब्रिज से गुजरते समय काफी परेशानी हो रही थी। कई जगह सड़क की ऊपरी परत भी उखड़ गई थी। ऐसे में दोनों ब्रिजों पर पैचवर्क का काम कराया गया। रेलवे ब्रिज से नीचे होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक जाने वाले मार्ग पर भी कई जगह गड्ढे बने हुए थे। इस मार्ग पर भी बारिश के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी। प्रशासन की ओर से यहां भी पैचवर्क किया गया। इसके अलावा शहर के अन्य हिस्सों में भी खराब सड़कों और गड्ढों को लेकर मरम्मत कार्य जारी रहा। देर शाम तक कई स्थानों पर सड़क सुधारने का काम चलता रहा।

Comment List