कोटा नहर हादसा: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाव पलटी, दो युवकों के शव मिले; दो की तलाश जारी
नहर में सात लोग थे सवार, तीन तैरकर निकले सुरक्षित; विकास वर्मा और सूरज सिंह के शव बरामद
कोटा। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कोटड़ी नहर में नाव पलटने से डूबे चार युवकों में से दो के शव बुधवार सुबह बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान विकास वर्मा उर्फ सुमन (22), निवासी खेड़ा रसूलपुर, और सूरज सिंह (22), निवासी रोड नंबर-2 के रूप में हुई है। वहीं, एशु जोशी और राहुल जोशी की तलाश जारी है। हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे सर्च ऑपरेशन दोबारा शुरू किया। नाव पलटने की जगह से करीब 100 मीटर आगे दोनों युवकों के शव मिले। एनडीआरएफ प्रभारी एकता हाड़ा के अनुसार, हादसे के समय नाव में सात लोग सवार थे। इनमें से तीन लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि चार युवक नहर में डूब गए।लापता युवकों की तलाश के लिए छह नावों की मदद ली जा रही है। घटनास्थल से उम्मेदगंज तक करीब सात से आठ किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। टीमों ने हर दो किलोमीटर पर एक नाव तैनात कर तलाशी अभियान तेज किया है।
अंधेरा होने से रात में रोकना पड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसा मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे स्टील ब्रिज के पास हुआ था। उस समय युवक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए नहर में गए थे, तभी उनकी नाव पलट गई। हादसे में चार युवक पानी में डूब गए, जबकि तीन लोग तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। मंगलवार देर रात तक नहर में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। बुधवार सुबह टीमों ने फिर से तलाश शुरू की। नहर में प्रतिमा विसर्जन के लिए पानी छोड़े जाने के कारण बचाव अभियान में परेशानी आ रही थी। ऐसे में पानी का बहाव कम करने के लिए नहर में पानी की सप्लाई बंद करवाई गई, ताकि लापता युवकों की तलाश में तेजी लाई जा सके। परिजनों को मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल विकास और सूरज के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एशु जोशी और राहुल जोशी की तलाश में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें जुटी हुई हैं।

Comment List