कोटा उत्तर वार्ड 12 - अंतिम सफर की राह भी आसान नहीं, मरम्मत को तरस रहे श्मशान घाट
नहीं हो रही नालियों की सफाई, नहीं मिल रही मूलभूत सुविधाएं
कई बार शिकायत करने के बावजूद निगम की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
कोटा। उत्तर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 12 की स्थिति दिनों-दिन बदहाल होती जा रही है। स्थानीय निवासियों की बुनियादी समस्याओं पर न तो प्रशासन ध्यान दे रहा है और न ही जिम्मेदार अधिकारी। वार्ड में स्थित श्मशान घाट, सुलभ कॉम्प्लेक्स और नालियों की हालत खस्ताहाल है, या यूं कहे कि अंतिम सफर की राह भी आसान नहीं है। नागरिकों की सुविधाओं के रखरखाव में भारी लापरवाही बरती जा रही है। वार्डवासियों ने कई बार निगम अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। वार्डवासियों का कहना है कि श्मशान घाट की मरम्मत कर पानी व लाइट की व्यवस्था की जाए। साथ ही नालियों की नियमित सफाई करवाई जाए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं में राहत मिल सके।
श्मशान व कंसुआ घाट की दुर्दशा
प्रसिद्ध कंसुआ घाट, अब धीरे-धीरे कचरा घाट में तब्दील होता जा रहा है। घाट पर जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिनसे उठने वाली बदबू से आस-पास के लोगों और वहां आने वालों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि स्वच्छता को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद निगम की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। वहीं वार्ड में बने श्मशान घाट जर्जर अवस्था में है, जो अंतिम संस्कार के लिए महत्वपूर्ण स्थान है।
वार्ड का एरिया
शमशान, बापू नगर, पीएचडी कार्यालय, बॉम्बे योजना का एबीसीडी ब्लॉक, पेट्रोल पम्प, लुहार बस्ती एंव सूरसागर का आंशिक भाग तक का क्षेत्र शामिल है।
- सुलभ कॉम्प्लैक्स जर्जर
सुलभ कॉम्प्लेक्स की हालत भी खराब है। यहां पर न तो पानी की उचित व्यवस्था है और न ही लाइट की। रात के समय कॉम्प्लेक्स का उपयोग करना लोगों के लिए जोखिम भरा हो जाता है। इतना ही नहीं, कॉम्प्लेक्स के दरवाजे टूटे हुए हैं जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत होती है।
- विमला, वार्डवासी
नालियों की सफाई नहीं
नालियां भी समय पर साफ नहीं होतीं। जगह-जगह गंदा पानी जमा हो जाता है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगता है। बरसात के दिनों में स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। पानी भरने से सड़कें कीचड़युक्त हो जाती हैं जिससे बच्चों और बुजुर्गों को आवाजाही में दिक्कत आती है। यही नहीं, गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
- टिनू चौहान, वार्डवासी
इनका कहना है
वार्ड की सभी समस्याओं के बारे में अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। शीघ्र ही अधूरे कार्य पूरे कराकर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाई जाएगी।
- फतेह बहादुर सिंह, पार्षद

Comment List