कोटा में CBN की बड़ी कार्रवाई: 1.368 किलो अवैध चरस जब्त, दो गिरफ्तार
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
कोटा। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की राजस्थान यूनिट ने कोटा में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 1.368 किलोग्राम अवैध चरस बरामद कर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
CBN को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति कोटा के जेडीबी कॉलेज सर्किल के पास चरस के आदान-प्रदान के लिए मिलने वाले हैं। सूचना के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, झालावाड़ डिवीजन की टीम ने 6 अगस्त को कार्रवाई की। टीम ने संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखते हुए जेडीबी कॉलेज सर्किल, सीवी गार्डन के सामने दोनों संदिग्धों को रोक लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से 1.368 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चरस को जब्त कर लिया गया। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।

Comment List