कोटा में सीबीएन की बड़ी कार्रवाई, ब्रेजा कार की स्टेपनी से 16.431 किलो अफीम जब्त
दो तस्कर गिरफ्तार, अफीम के सप्लायर और जयपुर में डिलीवरी लेने वाले की तलाश में जुटी टीम
कोटा। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की कोटा टीम ने हैंगिंग ब्रिज टोल के पास कार्रवाई करते हुए झालावाड़ से जयपुर जा रही एक ब्रेजा कार से 16.431 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। झालावाड़ से जयपुर जा रही एक ब्रेजा कार को जब हैंगिंग ब्रिज टोल पर रोका गया और कार की स्टेपनी को खोलकर देखा तो उसके अंदर 9 पैकेटों में 16.431 किलोग्राम अवैध अफीम छिपाकर रखी गई थी। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने मौके पर ही दोनों तस्करों को दबोच लिया और कार समेत पूरी खेप जब्त कर ली।ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को हैंगिंग ब्रिज टोल पर यह कार्रवाई की।
नारकोटिक्स उप आयुक्त नरेश बुंदेल ने बताया कि सीबीएनको विशेष सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति राजस्थान नंबर की ब्रेजा कार में भारी मात्रा में अफीम लेकर झालावाड़ से जयपुर की ओर जा रहा है। कोटा के अधिकारियों ने तुरंत एक टीम का गठन किया। टीम को 18 नवंबर गुरुवार की सुबह ही रवाना कर दिया गया।संदिग्ध मार्ग पर पूरी नजर रखी गई। जैसे ही संदिग्ध ब्रेजा कार हैंगिंग ब्रिज टोल पर पहुंची, सीबीएन की टीम ने उसे रोका कार में दो व्यक्ति सवार थे। पहले तो दोनों ने सामान्य होने का दिखावा किया, लेकिन जब टीम ने कार की बारीकी से तलाशी शुरू की तो तलाशी के दौरान संदेह हुआ। स्टेपनी को खोलकर देखा तो उसमें 9 पैकेट छिपाकर रखे थे इन पैकेटों को खोलने पर अफीम भरी हुई थी। वजन करने पर कुल वजन 16.431 किलोग्राम निकला। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद अफीम और ब्रेजा कार को जब्त कर लिया गया। दोनों व्यक्तियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस) 1985 की प्रासंगिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। सीबीएन की टीम इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि अफीम कहां से लाई गई थी, झालावाड़ में यह किससे खरीदी गई और जयपुर में इसे किसे पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच हो रही है कि क्या इस तस्करी में कोई बड़ा गिरोह शामिल है, और पहले भी इसी रूट से अफीम की तस्करी हुई है या नहीं।

Comment List