फर्नीचर मार्केट की दुकान में भीषण आग, दो दमकलों ने पाया काबू
समय रहते काबू पाकर टाला बड़ा हादसा
कोटा। गुमानपुरा थाना क्षेत्र के शॉपिंग सेंटर स्थित फर्नीचर मार्केट में शनिवार सुबह एक फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर निगम के सब्जी मंडी फायर स्टेशन से दो दमकलें मौके पर पहुंचीं और फायरमैन ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि शॉपिंग सेंटर स्थित फर्नीचर मार्केट में एक दुकान में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही दो दमकलों को मौके पर रवाना किया गया। आग एसएस एंटरप्राइजेज नामक फर्नीचर की दुकान में लगी थी।
पीछे की दीवार में मिला बड़ा छेद
व्यास के अनुसार, दुकान के पीछे की तरफ से आग लगने की बात सामने आई है। मौके पर दुकान की पिछली दीवार में एक बड़ा छेद भी मिला है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कोई व्यक्ति चोरी की नीयत से दुकान में घुसा हो और वहां किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगी हो। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी आग
फर्नीचर मार्केट में आसपास कई अन्य दुकानें भी हैं। फर्नीचर और अन्य सामान ज्वलनशील होने के कारण आग के तेजी से फैलने की आशंका थी, लेकिन दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे आसपास की दुकानों तक आग पहुंचने से रोक दी गई और बड़ा हादसा टल गया।आग की घटना में एसएस एंटरप्राइजेज की दुकान में रखा फर्नीचर और अन्य सामान काफी हद तक जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

Comment List