10:30 बजे तक नतीजों का ऐलान नहीं, रुझानों को लेकर परेशान रहे समर्थक
15 वार्डों में भाजपा, 5 में कांग्रेस और एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी की जीत
कोटा। नगर निकाय चुनाव की मतगणना सोमवार को जारी रही, लेकिन सुबह 10:30 बजे तक परिणामों को लेकर सार्वजनिक रूप से स्पष्ट ऐलान नहीं किया गया। इससे मतगणना केंद्र के बाहर मौजूद प्रत्याशियों के समर्थक और परिजन लगातार बदलते रुझानों की जानकारी के लिए परेशान होते रहे। स्पष्ट अपडेट नहीं मिलने से समर्थकों में नाराजगी भी दिखाई दी।मतगणना केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के समर्थक जुटे रहे। उनका कहना था कि मतगणना के दौरान रुझानों और परिणामों की जानकारी समय पर सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि लोगों को चुनावी स्थिति का स्पष्ट पता चल सके।
एलईडी स्क्रीन पर भी स्पष्ट नहीं दिखी सूची
मतगणना के अपडेट के लिए कॉलेज परिसर में लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित परिणामों की सूची भी स्पष्ट नजर नहीं आ रही थी। इसके चलते वहां मौजूद लोगों को वार्डवार रुझान और परिणाम समझने में परेशानी हुई। लोगों ने व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और निर्वाचन विभाग से स्पष्ट एवं समय पर जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की।उधर, आमतौर पर समर्थकों की भीड़ से गुलजार रहने वाले स्टेडियम परिसर में भी मतगणना के दौरान सन्नाटा नजर आया।
वार्ड 55 में कांग्रेस के मनीष भारद्वाज जीते
वार्ड 55 में कांग्रेस प्रत्याशी मनीष भारद्वाज ने अपने प्रतिद्वंद्वी मिलाप चंद्र जैन को 48 वोटों से हरा दिया। कांग्रेस ने जिन वार्डों में युवा चेहरों पर भरोसा जताया था, उनमें कई प्रत्याशी जीत दर्ज करने में सफल रहे।
15 वार्डों में भाजपा, 5 में कांग्रेस की जीत
मतगणना के अब तक सामने आए परिणामों के अनुसार 15 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, जबकि 5 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे हैं। वहीं एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की है।

Comment List