यमदूत बन कर दौड़ रहे भूसे से भरे ओवरलोड वाहन
राहगीरों व वाहन चालकों को होती है परेशानी, दुर्घटनाओं की बनी रहती है आशंका
मुख्य बाजार में दिनभर लगा रहता है जाम।
सुल्तानपुर। नगर सहित क्षेत्र की सड़कों पर इन दिनों भूसे से भरे ओवरलोड वाहन यमदूत बनकर दौड़ रहे हैं। ऐसे ओवरलोड वाहनों से हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं मुख्य बाजार में दिनभर जाम लगा रहता है। जिससे राहगीरों व अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जानकारी के अनुसार जब यह ओवरलोड वाहन नगर के मुख्य बाजार से होकर निकलते हैं, तो बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जिसके कारण ट्रैफिक पुलिस को जाम खुलवाने व रास्ता सुचारू करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इन वाहनों के कारण बाजार में खरीददारी करने आए क्षेत्रीय ग्रामीणों को भी समस्या का सामना करना पड़ता है। साथ ही व्यापारियों को भी समस्या होती है। सड़कों पर यह वाहन मौत का यमदूत बन रहे है। नगर के पुलिस थाने के सामने से व मुख्य बाजार से होकर इन दिनों सड़कों पर दिन रात यह चारे से भरे ओवरलोड वाहन दौड़ रहे हैं। इन वाहनों से आए दिन दुर्घटना घटित होने की आशंका बनी रहती है। पूर्व में भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
बाइक चालकों को होती है परेशानी : ग्रामीणों ने बताया कि कई ओवरलोड वाहनों में भरा हुआ भूसा हवा में उड़ता रहता है। जिसके कारण वाहनों के पीछे चलने वाले बाइक सवारों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हवा में उड़ता भूसा बाइक चालकों की आंखों के सामने बाइक के असंतुलित होकर गिरने की आशंका बनी रहती है। साथ ही जाम लगने पर इन वाहनों के पीछे चलने वाले अन्य चार पहिया वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं रात्रि के समय ऐसे ओवरलोड वाहनों की संख्या अधिक हो जाती है। ऐसे में दुर्घटनाओं का खतरा भी अधिक बढ़ जाता है। कई बार तो दूर से ऐसे वाहन दिखाई नहीं देते हैं। जिस कारण भी दुर्घटनाएं हो जाती हैं।
क्षमता से कई गुना भरा रहता है चारा
ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में नगर सहित क्षेत्र में फसलें कट चुकी हैं। उसमें से निकलने वाले भूसे को क्षमता से कई गुना अधिक भर लिया जाता है। जिससे ये ओवरलोड वाहन पूरी सड़क को घेरे में ले लेते हैं। इस कारण इन वाहनों को ओवरटेक करते समय वाहन चालक के सामने से आ रहे वाहन से टकराने का खतरा बढ़ जाता है। वहीं सामने से आ रहे वाहन चालक को भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सबसे ज्यादा परेशानी तो जाम लगने से होती है। क्योंकि अपनी क्षमता से कई गुना अधिक भूसा भरा होने के कारण मुख्य सड़कों पर जाम लग जाता है।
ऐसे वाहनों को सुनसान सड़कों पर निकालना चाहिए। जिससे अन्य चालकों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। या ऐसे समय पर इन वाहनों का परिवहन होना चाहिए, जब सड़कों पर अधिक वाहन न हों।
- रवि शर्मा, वार्ड पार्षद
रात्रि के समय कई बार ऐसे वाहनों से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। दूर से आने वाले वाहन चालकों को ऐसे ओवरलोड वाहन दिखाई नहीं देते हैं। ऐसे में दुर्घटनाएं हो जाती हैं।
- संदीप शर्मा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष
सुल्तानपुर से गुजर रहे स्टेट हाइवे-70 पर ऐसे वाहन देखना आम बात है। जबकि इस मार्ग पर आवागमन अधिक रहता है। ऐसे में भूसे से भरे ओवरलोड वाहन आने से जाम लगने की समस्या बनी रहती है। ऐसे वाहन चालकों को ओवरलोड भूसा भरने पर रोक लगानी चाहिए।
- अजहरूद्दीन खान, स्थानीय निवासी
वाहन की क्षमता के अनुसार माल का भराव होना चाहिए। जिससे आम नागरिकों को भी परेशानियां ना हों और वाहन चालकों को भी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़े।
- नरेंद्र दाधीच, देहात महासचिव, कांग्रेस
ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार मोटर व्हीकल एक्ट में चालान बनाया जाता है। साथ ही जो भी उचित कार्यवाही होती है वह की जाती है।
- सत्यनारायण मालव, थानाधिकारी, सुल्तानपुर
Comment List