शहर में मुख्य मार्ग व कचरा पॉइंटों पर लगे कचरे के ढेर : रोजाना निकल रहा एक हजार टन कचरा, घर को साफ कर बाहर से ला रहे गंदगी
दीपावली की सफाई के दौरान रोजाना निकल रहा दोगुना कचरा
दीपावली की सफाई के चलते शहर में कचरे की मात्रा दोगुनी होकर 900–1000 टन पहुंच गई है। नगर निगम ने सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तैनात की हैं। दशहरा मेले से भी भारी मात्रा में कचरा निकल रहा है। निगम द्वारा कचरा त्वरित रूप से उठवाने की कार्रवाई जारी है।
कोटा। शहर में इन दिनों अधिकतर घरों में साफ सफाई और रंगाई पुताई का काम तेजी से चल रहा है। जिससे निकलने वाला कचरा सड़कों पर ही डाला जा रहा है। हालत यह है कि घर तो साफ हो रहे हैं और मुख्य मार्गों पर कचरे के ढेर लगे हुए हैं। दीपावली सफाई के दौरान शहर में इन दिनों सामान्य दिनों की तुलना में करीब दोगुना कचरा निकल रहा है। दस दिन तक गणपति की आराधना और नौ दिन तक देवी मां की भक्ति करने के बाद अब मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने की बारी है। 5 दिवसीय दीपोत्सव को मनाने के लिए शहर में अधिकतर घरों को साफ करने व चमकाने का काम चल रहा है। नवरात्र समाप्त होने के बाद से ही कई घरों व प्रतिष्ठानों में साफ सफाई का काम शुरु हो गया था। वहीं अधिकतर घरों में पिछले कुछ दिन से सफाई चल रही है।
500 टन की तुलना में दोगुना कचरा
नगर निगम की ओर से घर-घर कचरा संग्रहण किया जा रहा है। इसके लिए हर वार्ड में दो से तीन टिपर लगे हुए हैं। वे वार्डों में घर-घर व दुकानों से कचरा एकत्र कर रहे हैं। हालांकि अभी ये एक समय सुबह ही चल रहे है। उस कचरे को कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर लाया जा रहा है। वहां से नांता सिथत ट्रेचिंग ग्राउंड पर भेजा जा रहा है। हालत यह है कि सामान्य दिनों में जहां शहर से रोजाना करीब 450 से 500 टन कचरा निकल रहा है। वहीं दीपावली पर घरों में हो रही सफाई के दौरान निकलने वाले हर तरह के कचरे की मात्रा बढ़कर करीब दो गुनी 900 से 1000 टन तक हो गई है। यह स्थिति नवरात्र के समय से शुरु हुई है जो अभी भी बनी हुई है।
दशहरा मेले से भी निकल रहा कचरा
शहर में 2 अक्टूबर से ही दशहरा मेला भी चल रहा है। ऐसे में वहां भी रोजाना हजारों लोग पहुंच रहे है। फूड जोन में खाने-पीने के साथ ही दुकानों से निकलने वाला कचरा भी मैदान में एकत्र हो रहा है। हालांकि उस कचरे को तीन पारियों में सफाई कर्मचारियों के माध्यम से साफ कराया जा रहा है। लेकिन वहां से भी टनों कचरा रोजाना निकल रहा है।
सफाई श्रमिक व संसाधन बढ़ाए
इधर नगर निगम कोटा उत्तर व दक्षिण की ओर से शहर में सफाई के लिए श्रमिक व संसाधन बढ़ाए हैं। नगर निगम कोटा दक्षिण आयुक्त द्वारा आदेश जारी कर हर वार्ड में संवेदक के माध्यम से 5-5 सफाई श्रमिक 17 से 31 अक्टूबर तक और 15 से 30 अक्टूबर तक हर सेक्टर में एक-एक ट्रेक्टर ट्रॉली अतिरिक्त लगाएं हैं। मोतीलाल चौधरी स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि पहले जहां संवेदक दो चक्कर में कचरा उठा रहा था। वहीं अब चाहे तीन हों या चार चक्कर एक बार में पूरा कचरा उठाना होगा।
वैसे तो निगम के स्तर पर नियमित सफाई की जा रही है। कचरा भी उठाया जा रहा है। लेकिन त्योहार पर निकलने वाले अतिुरक्त कचरे को साफ करनेी व उठाने के लिए अतिरिक्त श्रमिक व संसाधन लगाए हैं। जिससे सफाई होने के साथ समय पर कचरा उठ सके। वहीं जहां से भी शिकायत मिल रही है। वहां तुरंत टीम भेजकर सफाई भी कवाई जा रही है। वहीं नगर निगम कोटा उत्तर की ओर से हर सेक्टर में एक-एक ट्रेक्टर ट्रॉली अतिरिक्त लगाई है। साथ ही संवेदक की ट्रेक्टर ट्रॉली द्वारा कचरा उठाने के फेरे बढ़ाए हैं।
- ऋचा गौतम स्वास्थ्य अधिकारी

Comment List