कर्बला में बदहाल सुविधाएं, रामपुरा-लाडपुरा की सड़क पर रोज जाम
महंगे सामुदायिक भवन किराए और सिकुड़ती सड़क ने वार्डवासियों की मुश्किलें बढ़ाईं
कोटा। शहर के वार्ड नंबर 72 से 76 तक की ग्राउंड रिपोर्टिंग के दौरान क्षेत्र के कई इलाकों में आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। कहीं नया कॉम्प्लेक्स शुरू होने के कुछ ही दिनों में बदहाली का शिकार नजर आ रहा है तो कहीं लोगों को सामुदायिक भवन की महंगी दरें परेशान कर रही हैं। वहीं रामपुर और लाडपुरा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के लगातार सिकुड़ने से रोजाना लगने वाला जाम आमजन के लिए सिरदर्द बन चुका है। वार्ड क्षेत्र में आने वाले कर्बला इलाके में स्थित नया कॉम्प्लेक्स डेढ़ महीने पहले ही शुरू हुआ, लेकिन यहां की स्थिति बेहद दयनीय नजर आई। कॉम्प्लेक्स में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। नल टूटे हुए हैं तो पानी की टंकियां भी फटी हुई बताई जा रही हैं। लोगों का कहना है कि नया कॉम्प्लेक्स शुरू होने के बावजूद जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में क्षेत्रवासियों को सवाल है कि जब नई व्यवस्था इतनी जल्दी बदहाल हो गई तो इसके रखरखाव और जिम्मेदारी की जवाबदेही आखिर किसकी है।
वार्ड क्षेत्र के लोगों ने बताया कि इलाके में सामुदायिक भवन, डिस्पेंसरी, पार्क और राशन की दुकान जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। वहीं खाई रोड़ क्षेत्र में लोग सफाई नहीं होने से परेशाना है। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लोगों को दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास की योजनाएं तो बनती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी सुविधाएं पूरी नहीं हो पातीं। सुविधाओं की कमी के कारण क्षेत्र के लोगों में निराशा और आक्रोश दोनों दिखाई दिया।
महंगा सामुदायिक भवन और बाजार में जाम ने बढ़ाई परेशानी
वार्ड क्षेत्र के रामपुर इलाके में गाड़ीखाना स्थित सामुदायिक भवन का किराया आम वार्डवासियों की पहुंच से बाहर बताया जा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सामुदायिक भवन स्थानीय लोगों की जरूरतों के लिए बनाया गया है, लेकिन अधिक किराया होने के कारण जरूरतमंद परिवार इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि किराया कम किया जाए, ताकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार भी सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए इसका लाभ उठा सकें।
रामपुर बाजार में वाहनों का जाम भी बड़ी समस्या बना हुआ है। बाजार की सड़कों पर वाहन फंसने से राहगीरों और दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई जगह बिजली के खंभों से लटकते तार भी लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं।
रामपुरा-लाडपुरा मुख्य सड़क बनी सबसे बड़ी चुनौती
क्षेत्र में सबसे गंभीर समस्या रामपुर और लाडपुरा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की सामने आई। अतिक्रमण और लगातार बढ़ते दबाव के कारण सड़क सिकुड़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो, जब इस मार्ग पर जाम नहीं लगता हो। सुबह से शाम तक वाहनों की लंबी कतारें आम नजारा बन गई हैं। वार्डवासियों का कहना है कि बीते पांच वर्षों में विकास के कई दावे किए गए, लेकिन आज भी मूलभूत सुविधाओं और यातायात व्यवस्था जैसी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
पूर्व पार्षद कौशल्या सैनी
अधिकांश व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया गया। उन्होंने कहा कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद क्षेत्र में एक बार फिर कई समस्याएं उभरने लगी हैं। वर्तमान में सबसे बड़ी परेशानी साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर बनी हुई है, जिससे क्षेत्रवासियों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व पार्षद सुनील शर्मा
लोगों की परेशानी को देखते हुए पुरानी पाइपलाइन को बदलवाकर नई पाइपलाइन डलवाई गई, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार हुआ। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए सुलभ कॉम्प्लेक्स का भी निर्माण कराया गया। हालांकि उन्होंने माना कि कर्मचारियों की कमी के कारण वार्ड में साफ-सफाई की समस्या आज भी बनी हुई है।
पूर्व पार्षद परवेज अख्तर
खुले नालों की समस्या गंभीर थी, जिन्हें सुधारने के लिए काम कराया गया। क्षेत्र में आधुनिक शौचालय का निर्माण करवाने के साथ मंदिरों का जीर्णोद्धार भी कराया गया। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों के बावजूद वार्ड आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। क्षेत्र में डिस्पेंसरी, राशन की दुकान और पार्क नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
वार्डवासी शब्बीर
वार्ड में न तो डिस्पेंसरी है और न ही सामुदायिक भवन की सुविधा। सुलभ शौचालय तो बनाया गया, लेकिन वहां पानी और बिजली जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं तक नहीं हैं। इसके अलावा पार्क और राशन की दुकान का भी अभाव है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पांच साल तक जनप्रतिनिधि वार्ड की जिम्मेदारी संभालते रहे, तो आखिर क्षेत्रवासियों को जरूरी सुविधाएं क्यों नहीं मिल सकीं?
वार्ड नंबर 72 से 76 के क्षेत्र
वार्ड नंबर 72 में बस स्टैंड नयापुरा, मुक्तिधाम, कब्रिस्तान, हनुमान टेकरी, खाई रोड, कालपुरिया बस्ती, गुजराती बस्ती, नयापुरा स्टेडियम, जीके पवेलियन स्टेडियम, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नयापुरा, रत्ना नर्सिंग होम, नागाजी का बाग, क्षार बाग, बृज टॉकीज, मयूर सिनेमा, विवेकानंद सर्किल, सब्जी मंडी नयापुरा, नगर निगम कार्यालय सेक्टर-2 सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
वार्ड नंबर 73 में कर्बला मस्जिद, मदरसा, शीतला माता मंदिर, देश की धरती कार्यालय, लकी बुर्ज, कर्बला बुर्ज का समस्त क्षेत्र, दूधाधारी मंदिर, कोली पाड़ा, इमली चौक, बड़ का चौक, जैन मंदिर, नमकीन गली, प्रताप चौक, कर्बला चौक, लालाजी घाट, महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय तथा लाडपुरा सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
वार्ड नंबर 74 के अंतर्गत भाटापाड़ा, मेहरापाड़ा, शिवदास घाट की गली, हरिजन बस्ती, छोटी समाज, बड़ी समाज, गांधी का चौक, महात्मा गांधी स्कूल, महारानी बड़ी स्कूल, जगदीश होटल की गली, फतेहगढ़ी, पोस्ट ऑफिस, रामपुर कार्यालय, गाड़ीखाना और भारतेंदु समिति क्षेत्र शामिल हैं।
वार्ड नंबर 75 में हिंदू धर्मशाला, गुलाबबाड़ी, रामपुर कोतवाली, अग्रसेन बाजार, महात्मा गांधी चौक, पुरानी धान मंडी, सरोवर पार्किंग, ठठेरा मार्केट, जयपुर गोल्डन, छोगा की बावड़ी और विजयवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
वार्ड नंबर 76 के अंतर्गत संगम होटल क्षेत्र, सुलभ, घोसी मोहल्ला, किशोर सागर तालाब, सीवी गार्डन, नयापुरा बस स्टैंड, वल्लभबाड़ी, हनुमान मंदिर, जैन दिवाकर स्कूल, हरिजन बस्ती और गुरुद्वारा सहित आसपास का क्षेत्र शामिल है।

Comment List