गड़े भेरुजी की पूजा-अर्चना के बाद कोटा में झूमकर बरसे बदरा
दोपहर बाद बारिश शुरू होने से लोगों ने ली राहत की सांस
कोटा। मानसून सक्रिय होने के बावजूद कोटा में अपेक्षित बारिश नहीं होने से आमजन और किसान परेशान हैं। सावन का महीना चल रहा है, लेकिन शहर में बारिश का दौर कमजोर बना हुआ है। कभी रिमझिम तो कभी बूंदाबांदी तक सीमित बारिश से लोग तेज बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच सावन के दूसरे सोमवार को शहर में अच्छी बारिश की कामना को लेकर पाटनपोल स्थित सती चबूतरा के गड़े भैरुजी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
गड़े भैरुजी को कुछ समय पहले निकालकर पूजा-अर्चना की गई थी। उस दिन कोटा में अच्छी बारिश हुई थी। इसके बाद नियमित पूजा-अर्चना जारी रही, लेकिन शहर में बारिश का दौर अपेक्षाकृत कमजोर रहा। आसमान में काली घटाएं छाने के बाद तेज बारिश की उम्मीद तो बनती, लेकिन तेज हवाओं के चलते बादल बिना बरसे ही निकल जाते।
भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद महेश गौतम लल्ली ने बताया कि गड़े भैरुजी को निकालकर पूजा-अर्चना किए जाने के दिन अच्छी बारिश हुई थी। इसके बाद बारिश नहीं होने से सावन के दूसरे सोमवार को फिर से विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर भैरुजी महाराज से कोटा में अच्छी बारिश की कामना की।पूजा-अर्चना के बाद दोपहर बाद शहर में बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। पूजा के बाद बारिश होने को लेकर लोगों में भी चर्चा रही।
अगले दो दिन भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार कोटा में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। शहर में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। कोटा में मानसून सीजन में अब तक 223 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।

Comment List