कोटा नगर निगम के 3 बूथों पर पुनर्मतदान शुरू, सुबह 10 बजे तक 22.99 प्रतिशत मतदान
सुकेत के मतदान केंद्र पर सुबह 10 बजे तक 23.94 प्रतिशत मतदान
कोटा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार नगर निगम कोटा के तीन मतदान केंद्रों पर बुधवार सुबह 7 बजे से पुनर्मतदान शुरू हो गया। नगर निगम के वार्ड संख्या 87 के बूथ संख्या 99, वार्ड संख्या 44 के बूथ संख्या 448 और वार्ड संख्या 11 के बूथ संख्या 576 पर मतदाता दोबारा अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इसके साथ ही नगर पालिका सुकेत के वार्ड संख्या 4 के बूथ संख्या 5 पर भी पुनर्मतदान कराया जा रहा है। नगर निगम कोटा के तीनों बूथों पर सुबह 10 बजे तक 22.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि सुकेत के मतदान केंद्र पर 23.94 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाएं पूरी, नेताओं की मौजूदगी से माहौल गर्म
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत सभी मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पहले मतदान में लगाई गई अमिट स्याही के निशान को मान्य नहीं माना जा रहा है। मतदाताओं के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर नए सिरे से अमिट स्याही लगाई जा रही है, जो नाखून के प्रारंभ से अंगुली के प्रथम भाग तक फैलाई जा रही है।सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं। वहीं, भाजपा और कांग्रेस के नेता भी मतदान केंद्रों के आसपास मौजूद नजर आ रहे हैं।
14 सितंबर को हुई मतगणना के दौरान इन तीनों वार्डों की ईवीएम मशीनों में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण मशीनें खुल नहीं पाई थीं और परिणाम घोषित नहीं किए जा सके थे। कांग्रेस की ओर से आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद जिला निर्वाचन विभाग ने मामले की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी थी। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने के निर्देश जारी किए।पुनर्मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 17 सितंबर, गुरुवार को सुबह 8 बजे से कलेक्ट्रेट स्थित टैगोर हॉल में मतगणना की जाएगी।

Comment List