कोटा शहर में नहीं थम रहा आवारा कुत्तों का आतंक : 5 साल की बच्ची पर हमला, जगह-जगह नोंचा
सिर, कलाई, पीठ पर किए गहरे जख्म
कोटा। कोटा शहर में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक थम नहीं रहा है। सड़कों-गलियों में भ्रमण करते कुत्ते मासूम छोटे-छोटे बच्चों, बुजुर्ग, युवाओं पर खुलेआम हमला कर रहे हैं। गुमानपुरा थाना क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी में शनिवार शाम आवारा कुत्तों ने एक 5 साल की बालिका पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बालिका को सड़क पर गिरा दिया और काफी देर तक घसीटा। इससे बालिका के सिर, कलाई व पीठ समेत कई जगह गहरे घाव हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार बच्ची नमरा पुत्री मोबिन शनिवार शाम करीब 7.15 बजे घर के बाहर गली में अकेली जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े आवारा दो कुत्तों ने बालिका पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने मासूम बालिका को सड़क पर गिरा दिया और उसके शरीर को नोंचने लगे। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर एक महिला समेत आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और दोनों कुत्तों को खदेड़ा। इसके बाद परिजन बच्ची को अस्पताल लेकर गए, जहां उसका उपचार कराया गया। बच्ची के पिता मोबिन ने बताया कि कुत्तों ने बेटी की कलाई, पीठ और सिर पर काट लिया। स्थानीय लोगों के समय पर पहुंचने से उसे बचाया जा सका।
पहले सफाई कर्मचारी पर कर चुका हमला :
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी इलाके में आवारा कुत्ते के हमले की यह पहली घटना नहीं है। कुछ समय पहले सफाई कर्मचारी खेमराज पर भी इसी तरह कुत्ते ने हमला किया था। कुत्ते ने उनके पैर को बुरी तरह नोंच दिया था, जिससे गहरा घाव हो गया। सहकर्मियों के मौके पर पहुंचने के बाद कुत्ता वहां से भाग गया था। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा श्वानों की संख्या बढ़ रही है। पिछले दिनों बूंदी में आवारा कुत्तों के हमले में एक सात साल की बालिका की मौत हो गई थी। इसी प्रकार से बंजारा बस्ती में एक बालक को कुत्तों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

Comment List