पहले मतदान, फिर दूसरा काम... शहरी सरकार चुनने उमड़े कोटावासी

100 वार्डों के लिए 815 मतदान केन्द्रों पर सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान, समय से पहले ही लग गईं कतारें

पहले मतदान, फिर दूसरा काम... शहरी सरकार चुनने उमड़े कोटावासी
महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में भी दिखा जोश; ओम बिरला और मंत्री मदन दिलावर ने किया मतदान।

कोटा। शहर की सरकार चुनने को लेकर शुक्रवार को कोटा में मतदाताओं का उत्साह देखते ही बना। नगर निगम के 100 वार्डों के लिए 815 मतदान केन्द्रों पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ, लेकिन इससे पहले ही कई केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थीं। मतदान शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच गए। कई जगह परिवार के साथ तो कहीं महिलाओं के समूह और युवाओं की टोलियां मतदान करने पहुंचीं। शहर में ह्यपहले मतदान, फिर दूसरा कामह्ण का संदेश भी पूरी तरह नजर आया।

जिला निर्वाचन विभाग की ओर से मतदान को लेकर सभी केन्द्रों पर पुख्ता व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदान शुरू होने से करीब एक घंटे पहले मॉक पोल कराया गया। इस दौरान प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मतदान केन्द्रों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्वाचन विभाग और पुलिस की ओर से पर्याप्त जाप्ता तैनात किया गया था।

कई केन्द्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें
नयापुरा स्थित निजी व सरकारी स्कूलों, सामुदायिक भवनों सहित शहर के कई मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लग गईं। नयापुरा सब्जी मंडी स्थित निजी स्कूलों और जेके लोन अस्पताल के सामने मोंटेसरी सरकारी स्कूल में मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। यहां बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे।
वहीं वोकेशनल स्कूल नयापुरा और सिविल लाइंस स्कूल स्थित मतदान केन्द्रों पर अपेक्षाकृत कम भीड़ नजर आई। महिलाओं और युवाओं में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह रहा। कई महिलाएं समूह बनाकर मतदान करने पहुंचीं, जबकि युवाओं की संख्या भी मतदान केन्द्रों पर अच्छी दिखाई दी।इस बार 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए घर से मतदान की सुविधा नहीं होने के कारण बुजुर्ग मतदाताओं को भी मतदान केन्द्रों पर पहुंचना पड़ा। कई बुजुर्ग कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। महिलाओं के लिए पिंक मतदान केन्द्र नहीं बनाए गए थे, हालांकि कई मतदान केन्द्रों पर उनके लिए अलग कतार की व्यवस्था की गई थी।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया मतदान
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी शुक्रवार को अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने संसदीय क्षेत्र कोटा के वार्ड 83 स्थित स्प्रिंगडेल्स स्कूल मतदान केन्द्र पर पहुंचकर वोट डाला। मतदान के बाद बिरला ने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस उत्सव में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी से उत्साह के साथ मतदान करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Read More कोटा सुपर थर्मल पावर स्टेशन में कोयले पर पड़ी मानसून की मार, 5 महीनों में लगा 45.34 लाख रूपये डेमरेज चार्ज

मंत्री दिलावर ने पत्नी के साथ किया मतदान
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने वीर सावरकर नगर स्थित मदर टेरेसा स्कूल में मतदान किया। वे अपनी पत्नी के साथ मतदान केन्द्र पहुंचे। मतदान शुरू होने से करीब 15 मिनट पहले ही वे केन्द्र पर पहुंच गए थे।
मतदाताओं की सहायता के लिए भाजपा और कांग्रेस के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों की ओर से भी मतदान केन्द्रों के बाहर टेबल लगाई गई थीं। यहां मतदाताओं को उनके नाम और मतदान क्रमांक की जानकारी दी जा रही थी। राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के समर्थक भी सुबह से ही सक्रिय नजर आए। कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया और कई लोगों को मतदान केन्द्र तक पहुंचाने में सहयोग किया।

Read More 47 इतना छोटा और 34 इतना बड़ा वार्ड कैसे

मोबाइल फोन के माध्यम से भी मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर मतदान की अपील की गई। हालांकि मतदान केन्द्र के अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं थी। प्रवेश से पहले मतदाताओं की जांच की गई और उनके मोबाइल फोन बाहर रखवाए गए।

Read More असर खबर का : एफएमएस ऐप पर लगेगी रोक, मिला आश्वासन

ईवीएम खराब होने से वार्ड 22 में कुछ देर रुका मतदान
मतदान के दौरान वार्ड नंबर 22 के बूथ संख्या 2 पर वोटिंग मशीन में खराबी आ गई। इसके चलते कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित रहा और मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा। मशीन में खराबी की सूचना मिलने के बाद मतदानकर्मियों ने उसे दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू की।

मतदान से पहले शराब-रुपए बांटने के आरोपों पर देर रात हंगामा
नगर निगम चुनाव के मतदान से एक दिन पहले गुरुवार देर रात शहर के कई हिस्सों में प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को शराब और रुपए बांटने के आरोपों को लेकर हंगामा हुआ। अलग-अलग वार्डों में भाजपा और कांग्रेस समर्थकों ने एक-दूसरे पर मतदाताओं को प्रलोभन देने के आरोप लगाए। कई स्थानों पर विवाद बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छावनी क्षेत्र में एक वार्ड के भाजपा प्रत्याशी के पोस्टर लगी कार में शराब की बोतलें होने का आरोप लगाया गया। मौके पर ऐसी तीन कारें होने की बात भी सामने आई, जिनमें शराब भरी होने और उन्हें मतदाताओं में बांटने के लिए ले जाने का आरोप लगाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कारों को रोककर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
इसी तरह वार्ड 98 में कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से स्कूटी के जरिए शराब बांटने के आरोप को लेकर भी देर रात तक विवाद हुआ। लोगों ने आरोप लगाया कि मतदान से पहले मतदाताओं को शराब का लालच देकर अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था।

वार्ड 54 में घर-घर गिफ्ट बांटने का आरोप
वार्ड 54 में भी एक प्रत्याशी पर घर-घर जाकर गिफ्ट बांटने का आरोप लगाया गया। इन मामलों को लेकर भाजपा और कांग्रेस समर्थक आमने-सामने आ गए और देर रात तक कई जगह विवाद की स्थिति बनी रही। पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
वहीं एक अन्य वार्ड में चुनाव आचार संहिता के दौरान सीसी सड़क निर्माण का मामला सामने आने का आरोप लगाया गया। स्थानीय लोगों का आरोप था कि मतदान से ठीक पहले इस तरह के कार्य कराकर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि शराब, रुपए, गिफ्ट बांटने और सड़क निर्माण से जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित निर्वाचन अथवा प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से नहीं की गई है। आरोपों को लेकर पुलिस और निर्वाचन विभाग की कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है।

शाम 6 बजे तक मतदान, 14 सितंबर को मतगणना
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान दल अपने-अपने मतदान केन्द्रों से रवाना होकर रात तक जेडीबी कॉलेज स्थित मतगणना स्थल पर निर्वाचन सामग्री जमा करवाएंगे। 14 सितंबर को मतगणना शुरू होगी। इसके बाद 21 सितंबर को महापौर और 22 सितंबर को उपमहापौर के लिए मतदान होगा।

 

Post Comment

Comment List

Latest News

राजस्थान नगर निगम चुनाव 2026: आदर्शनगर के वार्ड 123 में ईवीएम खराब, आधे घंटे मतदान बाधित राजस्थान नगर निगम चुनाव 2026: आदर्शनगर के वार्ड 123 में ईवीएम खराब, आधे घंटे मतदान बाधित
जयपुर नगर निगम चुनाव के दौरान आदर्शनगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 123 स्थित बूथ संख्या 7 पर ईवीएम मशीन...
चुनाव ड्यूटी के दौरान ASI की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मौत
राजस्थान नगर निगम चुनाव 2026: राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने परिवार सहित किया मतदान 
नगर निगम चुनाव-2026 : सीएम भजनलाल शर्मा ने सपरिवार किया मतदान, प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक वोट की अपील
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया मतदान, कहा- मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव
सांसद मंजू शर्मा ने पुत्र व पुत्रवधू के साथ किया मतदान, बूथों का लिया जायजा
पीएम मोदी की ताबड़तोड़ कूटनीतिक बैठकें आज: पुतिन-पेजेशकियन और गुटेरेस से मुलाकात, ब्रिक्स सम्मेलन पर दुनिया की नजर