झालावाड़ जिले में सुबह 10 बजे तक मतदान: मनोहरथाना में 14.91%, अकलेरा में 7.71% और डग में 14.85 प्रतिशत वोटिंग
विधायक गोविंद रानी पूरिया ने किया मतदान, तीनों पंचायत समिति क्षेत्रों में वोटिंग जारी
कोटा। पंचायत चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को झालावाड़ जिले की अकलेरा, मनोहरथाना और डग पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह 10 बजे तक मनोहरथाना पंचायत समिति क्षेत्र में 14.91 प्रतिशत, डग में 14.85 प्रतिशत और अकलेरा में 7.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। निर्धारित समय पर मतदान केंद्र परिसर में मौजूद मतदाताओं को वोट डालने का अवसर दिया जाएगा।
विधायक ने किया मतदान
अकलेरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत नयापुरा में क्षेत्रीय विधायक गोविंद रानी पूरिया ने मतदान किया। तीनों क्षेत्रों में मतदाता शांतिपूर्ण तरीके से कतारों में लगकर मतदान कर रहे हैं। मनोहरथाना पंचायत समिति के 21 वार्ड और अकलेरा के 23 वार्ड में मतदान हो रहा है। वहीं, जिला परिषद के मनोहरथाना क्षेत्र के चार और अकलेरा क्षेत्र के पांच वार्ड के लिए भी मतदाता वोट डाल रहे हैं।
मनोहरथाना में 55, अकलेरा में 45 मतदान केंद्र
मनोहरथाना पंचायत समिति में कुल 1,03,348 मतदाता हैं। इनमें 52,989 पुरुष, 50,358 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। यहां 55 मतदान केंद्रों पर कुल 109 बूथ बनाए गए हैं। पंचायत समिति में प्रधान पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। अकलेरा पंचायत समिति में कुल 1,21,389 मतदाता हैं। इनमें 62,485 पुरुष, 58,903 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। यहां 45 मतदान केंद्रों पर 130 बूथ बनाए गए हैं। अकलेरा में प्रधान पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित है।
डग में भी मतदान को लेकर उत्साह
डग पंचायत समिति क्षेत्र में भी पंचायती राज चुनाव के तहत मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की आवाजाही बनी हुई है। सुबह 10 बजे तक डग में 14.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदाता पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। सुबह 10 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, मनोहरथाना में मतदान प्रतिशत सबसे अधिक 14.91 रहा। डग में 14.85 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि अकलेरा में 7.71 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीनों क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया जारी है।

Comment List