पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, बचाने आई भाभी पर भी डंडे से वार
रास्ते में रोककर दो भाइयों ने की मारपीट, चाकू के वार से जांघ और पैर में लगी चोट
कोटा। नयापुरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते दो भाइयों ने एक युवक को रास्ते में रोककर मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक की जांघ और पैर में गंभीर चोट आई। युवक की चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची उसकी भाभी पर भी आरोपियों ने डंडों से हमला कर दिया। घटना में भाभी के सिर में चोट लगी। परिजनों ने दोनों घायलों को एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक का उपचार जारी है। वहीं भाभी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने घायल युवक के पर्चा बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राणघातक हमला सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी (आईसी) रविन्द्र सिंह ने बताया कि हरिजन बस्ती नयापुरा निवासी विक्रम वाल्मीकि (24) पुत्र गणेश की पड़ोस में रहने वाले नीरज वाल्मीकि से दो-तीन दिन पहले खुले में शराब पीने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद से नीरज , विक्रम से रंजिश रखने लगा । सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे विक्रम मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकला और घर के पास ही पहुंचा था कि तभी नीरज और उसका भाई धीरज वहां आ गए। आरोप है कि दोनों भाइयों ने विक्रम को अकेला देखकर उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान नीरज ने चाकू निकालकर विक्रम पर हमला कर दिया। चाकू का एक वार उसकी जांघ में लगा, जबकि दूसरा वार पैर को चीरता हुआ निकल गया। अचानक हुए चाकू के हमले से विक्रम लहूलुहान होकर मदद के लिए चिल्लाने लगा। विक्रम की आवाज सुनकर उसकी भाभी विमला देवी मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों से उसे बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि बीच-बचाव करने पर नीरज और धीरज ने विमला के साथ भी मारपीट की और उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। इससे विमला के सिर में चोट लग गई। घटना के बाद आरोपी मौके से चले गए। परिजन घायल विक्रम और विमला को लेकर एमबीएस अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने विक्रम को भर्ती कर उपचार शुरू किया, जबकि विमला के सिर में मामूली चोट होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
थानाधिकारी ने बताया कि घायल विक्रम के पर्चा बयान लिए गए हैं। उसके बयान के आधार पर नीरज वाल्मीकि और धीरज वाल्मीकि के खिलाफ प्राणघातक हमला सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात के पीछे दो-तीन दिन पहले हुई कहासुनी को लेकर बनी रंजिश सामने आई है। मामले की जांच के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Comment List