नकली घी बनाने वाले गिरोह पर कार्रवाई : 150 टीन किए बरामद, पैकिंग सामग्री तथा मशीनरी भी जब्त
टीम ने सरस ब्रांड की पैकिंग मशीन भी जब्त की
नकली घी का कारोबार संचालित होने की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी घी बनाने व नामी कंपनियों के नाम से पैकिंग कर बाजार में बेचने वाले गिरोह का खुलासा।
सुमेरपुर। कस्बे के संजय नगर क्षेत्र में नकली घी का कारोबार संचालित होने की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी घी बनाने व नामी कंपनियों के नाम से पैकिंग कर बाजार में बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया। कार्रवाई करीब 8 घंटे तक चली, जिसमें गोदाम से भारी मात्रा में नकली घी, पैकिंग सामग्री तथा मशीनरी जब्त की गई।सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया, चिकित्सा विभाग के खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि पाली जिले के सुमेरपुर कस्बे के संजय नगर स्थित एक गोदाम में पाम ऑयल व अन्य हानिकारक केमिकल मिलाकर नकली घी तैयार किया जा रहा है। बाद में इसे सरस, अमूल, नोवा, कृष्णा, बनास सहित अन्य नामी कंपनियों के नाम से 15 किलोग्राम टीन व टेट्रा पैक में पैक कर बाजार में बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा है। सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।कार्रवाई के दौरान गोदाम से 15 किलोग्राम क्षमता के करीब 150 टीन नकली घी बरामद कर पुलिस अभिरक्षा में रखवाया। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के नाम से पैक किए गए टेट्रा पैक में लगभग 260 किलोग्राम घी भी मौके पर जब्त किया।
टीम ने मौके से सरस, अमूल, नोवा, कृष्णा, बनास सहित कई नामी कंपनियों के पैकिंग मैटेरियल बड़ी मात्रा में बरामद किए गए। टीम ने सरस ब्रांड की पैकिंग मशीन भी जब्त की। खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके से घी के 6 नमूने जांच के लिए लिए। प्राथमिक जांच में पाया कि पाम ऑयल में अन्य हानिकारक केमिकल मिलाकर नकली घी तैयार किया जा रहा था और उसे 15 किलोग्राम के टीन में भरकर अमूल सहित अन्य कंपनियों के नाम से पैक किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान नकली घी के कारोबार से जुड़े रूपसिंह जाखोड़ा का नाम सामने आया।मौके पर नकली घी की पैकिंग करते हुए पर्वतसिंह, खुशाल सुथार सहित एक अन्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इधर, सरस विभाग की ओर से भी ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर डुप्लीकेट पैकिंग करने के संबंध में सुमेरपुर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई, जिसपर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Comment List