ऑपरेशन त्रिनेत्र-2 अभियान : मकान में चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
विभिन्न रासायनिक पदार्थों के साथ फिल्टर कपड़ा और मशीनें जब्त
चारभुजा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र-2 के तहत डीएसटी राजसमंद और चारभुजा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर क्षेत्र के सोडा की भागल में एक मकान में संचालित एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस दौरान मौके से एमडी ड्रग्स बनाने में उपयोग किए जाने वाले केमिकल और उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से विभिन्न रासायनिक पदार्थों के साथ फिल्टर कपड़ा, मशीनें, हीटर, बीकर, फिल्टर उपकरण, आईस बॉक्स सहित अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस ने हीरालाल पुत्र जगु गुर्जर निवासी सोडा की भागल, दुर्गेश पुत्र रामलाल डांगी निवासी मांगथला घासा और पवन पुत्र रविन्द्र विश्नोई निवासी गंगावास बालोतरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
29.78 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
श्रीनाथजी मंदिर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर कब्जे से 29.78 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद कर तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त की है। पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान नाथद्वारा की ओर से नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की कार को घेराबंदी करपकड़ लिया। वाहन सवार युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से दो प्लास्टिक थैलियों में 29.78 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। आरोपियों की पहचान केसरलाल (35) निवासी केमुनिया भीलवाड़ा और शुभम (30) निवासी मावली के रूप में हुई है।
1.918 किलो अफीम जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
कुंवारिया पुलिस ने भीलवाड़ा रोड हाईवे से लालपुर मार्ग पर नाकाबंदी कर भीलवाड़ा-लालपुर रोड की ओर से आती संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर कार से प्लास्टिक की थैली में अफीम का दूध बरामद किया, जिसका वजन 1 किलो 918 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मुकेश बंजारा, रतनलाल बंजारा और राजू उर्फ राजूलाल बंजारा को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

Comment List