राजस्थान के टॉप-8 डेस्टिनेशन में बाहुबली हिल्स और जगमंदिर शामिल
प्रतिबिंब मानसून के दौरान और अधिक आकर्षक
उदयपुर। बारिश की पहली फुहार के साथ ही झीलों की नगरी उदयपुर का सौंदर्य जैसे नई जिंदगी पा लेता है। पहाड़ियां हरी चादर ओढ़ लेती हैं, झीलें लबालब भर उठती हैं और बादलों की ओट में छिपा शहर किसी स्वर्गिक दृश्य का एहसास कराने लगता है। यही वजह है कि राजस्थान पर्यटन विभाग ने अपने विशेष अभियान मानसून मैजिक ऑफ राजस्थान में उदयपुर के दो सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों बाहुबली हिल्स और जगमंदिर को राज्य के चुनिंदा आठ मानसून डेस्टिनेशन में शामिल किया है। पर्यटन विभाग का उद्देश्य मानसून के दौरान राजस्थान के उस खूबसूरत रूप को देश-दुनिया के सामने लाना है, जो रेगिस्तान की पहचान से कहीं आगे झीलों, पहाड़ों, हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। इस अभियान के तहत सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और प्रचार सामग्री के माध्यम से इन स्थलों की मनमोहक तस्वीरें और वीडियो पर्यटकों तक पहुंचाए जा रहे हैं।
बादलों के बीच स्वर्ग जैसा दिखता है बाहुबली हिल्स: उदयपुर की बड़ी झील के किनारे स्थित बाहुबली हिल्स पिछले कुछ वर्षों में युवाओं, प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों का पसंदीदा स्थल बनकर उभरा है। मानसून के दौरान यहां पहुंचने वाला हर व्यक्ति प्रकृति के अद्भुत रूप से रूबरू होता है। पहाड़ी तक पहुंचने वाली संकरी पगडंडी रोमांच का अनुभव कराती है। पिछोला झील के मध्य स्थित ऐतिहासिक जगमंदिर मानसून में किसी चित्रकार की कल्पना जैसा प्रतीत होता है। चारों ओर पानी से घिरे इस शाही महल तक नाव की सैर करते हुए पहुंचना अपने आप में एक अनूठा अनुभव है। बारिश के मौसम में झील का बढ़ा हुआ जलस्तर और उसके बीच खड़ा जगमंदिर पर्यटकों को मेवाड़ की समृद्ध विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम दिखाता है। महल की भव्य वास्तुकला, संगमरमर की कलाकृतियां और झील की लहरों के बीच उसका प्रतिबिंब मानसून के दौरान और अधिक आकर्षक दिखाई देता है।

Comment List