रंजिश में बदमाशों ने दुकान को बनाया निशाना : पटाखा गोदाम के शटर पर छिड़का पेट्रोल, आग लगाकर भागे
अंदर रखे थे 50 लाख रुपए से अधिक के पटाखे
बदमाशों ने सिया फायर वर्क्स के शटर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप। गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
उदयपुर। शहर के सबसिटी सेंटर क्षेत्र में रविवार रात कुछ बदमाशों ने सिया फायर वर्क्स के शटर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 8:40 बजे एक युवक अपने साथियों के साथ बाइक पर आया। उसके हाथ में पेट्रोल की केन थी, उसने दुकान के शटर और बाहर रखे काउंटर पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस की जलती तीली फेंक कर आग लगा दी। आग धीरे-धीरे दुकान के अंदर पहुंचने लगी, लेकिन लोगों ने तुरंत हरकत में आकर लपटों को बुझा दिया।
दुकान मालिक लोकेश लालवानी के अनुसार दुकान के अंदर करीब 50 लाख रुपए से अधिक के पटाखे रखे थे। यदि आग बारूद तक पहुंच जाती तो एक के बाद एक विस्फोट होते और पूरा बाजार राख हो सकता था। दुकान मालिक के अनुसार पास के खाली भूखंड पर शराबियों का जमावड़ा रहता है। चार महीने पहले उसने जब इन बदमाशों को वहां बैठने और शोर करने से मना किया तो उमेश कनारिया ने रंजिश पाल ली और इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों की हो गई पहचान
हिरणमगरी थानाधिकारी रवीन्द्र चारण ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।

Comment List