स्वीडन के बाद ओस्लो पहुंचे पीएम मोदी: भारतीय समुदाय ने किया स्वागत, बोले-द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य
पीएम मोदी स्वीडन दौरा संपन्न
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वीडन की सफल यात्रा पूरी कर अपनी पांच देशों की यात्रा के चौथे पड़ाव, नॉर्वे के लिए रवाना हो गए हैं। प्रस्थान से पहले पीएम मोदी ने बताया कि स्वीडन दौरा बेहद सार्थक रहा। इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदलने और अगले 5 वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य तय किया गया।
गोथेनबर्ग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वीडन की दो दिन की यात्रा संपन्न होने के बाद पांच देशों की अपनी यात्रा के चौथे पड़ाव के लिए सोमवार को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो रवाना हो गए। प्रस्थान से पहले पीएम मोदी ने कहा कि उनकी यात्रा बेहद सार्थक रही और इससे दोनों देशों के संबंधों को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, "स्वीडन की मेरी यात्रा कई महत्वपूर्ण परिणामों से चिह्नित रही, जो भारत-स्वीडन संबंधों को नई गति प्रदान करेंगे।
हमारे संबंधों को एक रणनीतिक साझेदारी तक उन्नत करने, संयुक्त नवाचार साझेदारी 2.0 तथा भारत-स्वीडन प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता गलियारे की शुरुआत करने से लेकर, अगले पाँच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने तक, चर्चाएँ अत्यंत फलदायी रहीं। मैं स्वीडन की जनता, स्वीडन सरकार और प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन का उनके स्नेह और मित्रता के लिए आभार व्यक्त करता हूँ।" उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी 15 मई को पांच देशों संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा पर रवाना हुए थे।

Comment List