बुर्किना फासो में सौंदर्य प्रतियोगिताओं पर रोक, युवतियों के लिए राष्ट्रीय विज्ञान प्रतियोगिता शुरू
सुंदरता की जगह विज्ञान को तवज्जो
नई दिल्ली। पश्चिम अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में अब सुंदरता के बजाय वैज्ञानिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है। देश की सैन्य सरकार ने जून में सभी सौंदर्य प्रतियोगिताओं पर अस्थायी रोक लगाने के बाद अगस्त में युवतियों के लिए राष्ट्रीय विज्ञान प्रतियोगिता शुरू की। इसका उद्देश्य महिलाओं को गणित, प्रौद्योगिकी और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर देना है।
रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति कैप्टन इब्राहिम त्राओरे के नेतृत्व वाली सरकार देश की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक मूल्यों और मानवीय गरिमा की रक्षा को प्राथमिकता दे रही है। इसी दिशा में सौंदर्य प्रतियोगिताओं के लिए नए नियम तैयार किए जा रहे हैं, ताकि ऐसे आयोजन स्थानीय परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप हों।
सरकार ने अगस्त में हाकिली मौसो नाम से राष्ट्रीय विज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की। इसमें 84 युवतियों ने भाग लिया और गणित, भौतिकी तथा रसायन विज्ञान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार और छात्रवृत्तियां देकर प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिता के बाद राष्ट्रपति त्राओरे ने विजेताओं से मुलाकात की। उन्होंने युवतियों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखने, विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने और भविष्य के लिए बड़े लक्ष्य तय करने का संदेश दिया। इससे पहले 8 जून को संचार, संस्कृति, कला और पर्यटन मंत्रालय ने देशभर में सौंदर्य प्रतियोगिताओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की थी।

Comment List