डोनाल्ड ट्रंप का 200 प्रतिशित टैरिफ लगाने का ऐलान, भारत पर बड़ा असर पड़ने की आशंका
उत्पादन को देश में वापस लाने के उद्देश्य से उठाया कदम
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेशी जेनेरिक दवाओं के आयात पर चरणबद्ध तरीके से 200 प्रतिशित भारी टैरिफ लगाने की योजना का ऐलान किया है। इस फैसले का सबसे बड़ा असर भारत पर पड़ने की आशंका है, क्योंकि भारत अमेरिका को जेनेरिक दवाओं की आपूर्ति करने वाले प्रमुख देशों में शामिल है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर कहा कि अमेरिकी दवा उद्योग को बढ़ावा देने और उत्पादन को देश में वापस लाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है। प्रस्तावित योजना के तहत शुरुआती दो वर्षों तक जेनेरिक दवाओं के आयात पर कोई टैरिफ नहीं लगाया जाएगा। इसके बाद तीसरे वर्ष में टैरिफ 100 प्रतिशत और आगे चलकर 200 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना है। उन्होंने कहा कि तय समय में अमेरिका में प्लांट और उपकरण स्थापित नहीं करने वाली कंपनियों पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत ने अमेरिका को करीब 9.7 अरब डॉलर की दवाएं निर्यात कीं। यह भारत के कुल फार्मास्युटिकल निर्यात का लगभग 38 प्रतिशत है। ऐसे में नए टैरिफ से भारतीय कंपनियों की लागत और अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धा पर असर पड़ सकता है। हालांकि, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद इस प्रस्ताव का अंतिम स्वरूप अभी स्पष्ट नहीं है।

Comment List