चार भारतीयों की मौत के बाद भारत का कूटनीतिक वार, रूस के प्रभारी राजदूत को विदेश मंत्रालय ने किया तलब
वाणिज्यिक पोत पर हमला अस्वीकार्य
नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने रूस के यहां स्थित प्रभारी राजदूत को तलब कर यूक्रेन में वाणिज्यिक पोत एमवी गोल्डन लियो पर हमले में चार भारतीय नाविकों की मौत के मामले की कड़ी निंदा की तथा विरोध जताया। भारत ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वाणिज्यिक नौवहन को निशाना बनाया जाना तथा इन हमलों में निर्दोष नागरिकों की मौत उसे स्वीकार्य नहीं है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि रूस के प्रभारी राजदूत व्लादिमीर लादानोव को तलब किया गया। उन्हें 19 जुलाई को वाणिज्यिक पोत एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले के संबंध में भारत की गहरी चिंता और स्पष्ट निंदा से अवगत कराया गया। इस हमले में चार भारतीयों की दुःखद मृत्यु हुई है। मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि ऐसे हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री वाणिज्य की सुरक्षा, संरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।
मंत्रालय ने बताया कि रूस के प्रभारी राजदूत से अनुरोध किया गया कि वह भारत की गहरी चिंताओं से अपने अधिकारियों को अवगत कराएं कि वाणिज्यिक नौवहन को निशाना बनाया जाना तथा उसके परिणामस्वरूप निर्दोष नागरिकों की जान जाना भारत को पूरी तरह अस्वीकार्य है और इससे बचा जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि इस पोत पर यह हमला रूस की ओर से यूक्रेन के एक बंदरगाह पर रविवार को उस समय किया गया जब यह पोत वहां से बाहर निकल रहा था। इस हमले में चार भारतीय नाविकों की मौत हो गयी।

Comment List