दीर अल-बलाह में इज़रायली कार्रवाई तेज, आईडीएफ ने हमास के सुरक्षा प्रमुख को मार गिराने का दावा किया
गाजा पट्टी में सैन्य अभियान शुरू
तेल अवीव। इज़रायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने दावा किया है कि उसने मध्य गाजा पट्टी में हमास के आंतरिक सुरक्षा प्रमुख वाएल मूसा खालिद लदावी को एक हवाई हमले में मार गिराया है। आईडीएफ ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि रविवार को इज़रायली रक्षा बल और इज़रायल सुरक्षा एजेंसी (आईएसए) ने दीर अल-बलाह क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर लदावी को निशाना बनाया। बयान के अनुसार, हमले से पहले नागरिकों को होने वाले संभावित नुकसान को कम करने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाये गये थे।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2023 में हमास के हमले के जवाब में इज़रायल ने गाजा पट्टी में सैन्य अभियान शुरू किया था। रिपोर्टों के अनुसार, इस संघर्ष में अब तक गाजा में 72,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 1.70 लाख से अधिक लोग घायल हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, नौ अक्टूबर 2025 को मिस्र, कतर, अमेरिका और तुर्किये की मध्यस्थता में इज़रायल और हमास ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तावित शांति योजना के पहले चरण को लागू करने पर सहमति जतायी थी। इसके अगले दिन गाजा में युद्धविराम लागू हुआ। समझौते के तहत इज़रायली सेना तथाकथित "येलो लाइन" तक पीछे हट गयी, हालांकि उसने गाजा पट्टी के 50 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र पर अपना नियंत्रण बनाये रखा।

Comment List